हल्दी बोर्ड की स्थापना कर PM मोदी ने निजामाबाद के किसानों की चार दशक पुरानी मांग पूरी की : अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि हल्दी बोर्ड को चालू करने से अब निजामाबाद की हल्दी विश्व के बाजार में पहुंचेगी।

Vin News Network
Vin News Network
7 Min Read
हल्दी बोर्ड की स्थापना कर PM मोदी ने निजामाबाद के किसानों की चार दशक पुरानी मांग पूरी की : अमित शाह

निजामाबाद : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना के निजामाबाद में किसान महासम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कोयला और खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी और केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इससे पहले, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने निजामाबाद के नेता डी श्रीनिवास की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2023 में हल्दी बोर्ड बनाने का जो वायदा किया था, उसे न सिर्फ पूरा किया है बल्कि इंदूर की धरती पर हल्दी बोर्ड का मुख्यालय देकर हल्दी किसानों की चार दशक पुरानी मांग पूरी की है। उन्होंने कहा कि मोदी जी जो वायदा करते हैं, उसे पूरा करते हैं।

अमित शाह ने कहा कि हल्दी बोर्ड को चालू करने से अब निजामाबाद की हल्दी विश्व के बाजार में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि हल्दी के दाम कई बार गिर जाते हैं, लेकिन एक दिन ऐसा आएगा जब हल्दी के दाम कभी नहीं गिरेंगे। उन्होंने कहा कि हल्दी बोर्ड हल्दी की औषधीय विशेषताओं को देश-दुनिया में प्रस्थापित करेगा। निजामाबाद हल्दी के व्यापार का वैश्विक केन्द्र बनेगा और हल्दी बोर्ड से किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) और किसानों को ताकत मिलेगी।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत सरकार ने नेशनल एक्सपोर्ट कोऑपरेटिव लिमिटेड और नेशनल ऑर्गेनिक कोऑपरेटिव लिमिटेड की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि इन दोनों कोऑपरेटिव्स की शाखाएं निजामाबाद में खोलने का निर्णय कर लिया गया है। श्री शाह ने कहा कि पैकेजिंग, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट तीनों के लिए बहुत जल्द ही एक पूरी व्यवस्था बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हम हल्दी का उत्पादन करने वाले ऑर्गेनिक किसानों के उत्पादों को ऑर्गेनिक हल्दी की खपत करने वाले अमेरिका, यूरोपियन संघ, कनाडा, यूके, वियतनाम, स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों तक पहुँचाने का काम भी करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने देश की सुरक्षा को चाक-चौबंद करना शुरू किया। एक जमाना था जब दस साल तक विपक्ष की सरकार थी। उस वक्त आए दिन पाकिस्तान से आतंकवादी आते थे, हमले करते थे और भाग जाते थे। कोई बोलने वाला नहीं था। मोदी सरकार में दस साल में तीन बार हमले के बड़े प्रयास किए गए। पहले उड़ी, फिर पुलवामा और पहलगाम। गृह मंत्री ने कहा कि उड़ी में हमला हुआ तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक की, पुलवामा में हमला किया तो एयर स्ट्राइक की और पहलगाम में हमला किया तो पाकिस्तान में घुस कर मारने का काम किया। पहलगाम के हमले के बाद मोदी जी ने कहा था कि इनको बड़ा सबक सिखाएंगे। पाकिस्तान एटम बम की धमकी दे रहा था और विपक्ष के लोगों को लग रहा था कि कुछ नहीं किया जाएगा। लेकिन एक रात हमारी सेना के बहादुर जवानों ने पाकिस्तान में आतंकी संगठनों के हेडक्वार्टर को उड़ाकर सैकड़ों आतंकवादियों को धराशायी कर दिया। लेकिन आज भी विपक्ष के नेता सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाने वाले विपक्ष के नेताओं के सवालों का जवाब तो पाकिस्तान का हुलिया देखने से मिल जाएगा। श्री शाह ने कहा कि जो कहते थे कि हम भारत को चैन से सोने नहीं देंगे, उनके हेडक्वार्टर को उड़ाने का काम हमारे नेता नरेन्द्र मोदी ने किया। मोदी जी ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए इस देश को सुरक्षित करने का काम किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले चार दशक में नक्सलवाद के कारण इस देश वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में 40 हजार लोगों की जान गई। कई आदिवासी पैर, हाथ और जान गंवा बैठे। उन्होंने कहा कि जो नक्सली सरेंडर करना है वे अपने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों। पूर्वोत्तर में 10 हजार उग्रवादी हथियार त्याग कर मुख्यधारा में जुड़े हैं और अब वे तालुका, पंचायत और जिला का चुनाव लड़ रहे हैं। 2 हजार से अधिक नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया है लेकिन जिनके हाथ में हथियार है, उनसे कोई बातचीत नहीं होगी। गृह मंत्री ने कहा कि हमने तय किया है कि 31 मार्च 2026 से पहले इस देश से नक्सलवाद को समाप्त कर देंगे। श्री शाह ने कहा कि जो लोग तेलंगाना में नक्सलियों को बचाने की बात करते हैं वे तेलंगाना के जिन आदिवासियों, पुलिसकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों की जान गई है उनके परिजन को क्या जवाब देंगे? इतने सालों से आदिवासी क्षेत्र में विकास को रोक कर रखा है, इसका क्या जवाब देंगे? श्री शाह ने कहा कि उन्हें डर है कि विपक्षी पार्टी देशभर से भागे हुए नक्सलियों को कहीं तेलंगाना में पनाह न दे दे। लेकिन चिंता करने की बात नहीं है क्योंकि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी सरकार है और हम 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को समाप्त कर देंगे।

अमित शाह ने कहा कि अगर तेलंगाना के लोग किसानों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं का भला चाहते हैं, तो उनका भला केवल मोदी जी की डबल इंजन सरकार ही कर सकती है। मोदी जी ने किसानों के भले के लिए ढेर सारे काम किए हैं। कृषि बजट में 1 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोत्तरी की। प्रत्येक किसान के अकाउंट में हर महीने 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। यूरिया और डीएपी के दाम बढ़ने नहीं दिए। किसान बीमा पहले मिलता नहीं था, अब मिल रहा है। अब हल्दी बोर्ड का भी गठन हो गया है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी जी ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के लिए जो काम किए हैं उन्हें आने वाले दिनों में भी जारी रखा जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *