लखनऊ में सिपाहियों को बांटे जॉइनिंग लेटर, अमित शाह बोले-योगी सरकार में गुंडों का फरमान नहीं चलता

योगी आदित्यनाथ ने कहा, उत्तर प्रदेश के अंदर नियुक्ति-पत्र वितरण का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के विजन को प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्यक्रम है, जो हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता, सुशासन की सिद्धि और सुरक्षा के संकल्प का एक जीवंत उदाहरण बन रहा है।

Vin News Network
Vin News Network
7 Min Read
लखनऊ में सिपाहियों को बांटे जॉइनिंग लेटर, अमित शाह बोले-योगी सरकार में गुंडों का फरमान नहीं चलता

लखनऊ : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर चयनित 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान करने हेतु लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। योगी आदित्यनाथ ने कहा, उत्तर प्रदेश के अंदर नियुक्ति-पत्र वितरण का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के विजन को प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्यक्रम है, जो हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता, सुशासन की सिद्धि और सुरक्षा के संकल्प का एक जीवंत उदाहरण बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश के अंदर तीन नए कानून लागू करने के लिए जो कार्य योजना आगे बढ़ाई गई है, आज उसके परिणाम हम सभी के सामने हैं। मैं सभी नौजवान साथियों से कहूंगा- याद रखना, एक नियम है वर्दीधारी फोर्स के लिए, ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, जीवन में उतना ही कम खून बहाने की नौबत आएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रधानमंत्री मोदी के देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष के कार्यकाल ने नए भारत के रूप में प्रत्येक भारतीय के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। पिछले 8 वर्षों में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि परीक्षा की सूचिता और पारदर्शिता क्या हो सकती है।

अमित शाह ने कहा, आज मेरे सामने बैठे युवाओं के जीवन का सबसे शुभ दिन है क्योंकि आज उत्तर प्रदेश के हर जाति, समुदाय और जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले 60 हजार से अधिक युवा भारत के सबसे बड़े पुलिस बल का सक्रिय हिस्सा बनने जा रहे हैं। राज्य की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही थी। लेकिन 2017 में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद, योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद, उत्तर प्रदेश पुलिस फिर से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की ओर अग्रसर होने लगी। आज 60 हजार से अधिक युवा जो उत्तर प्रदेश के हर समाज, जाति, जनपद और तहसील का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह सभी आज से भारत के सबसे बड़े पुलिस बल का अभिन्न हिस्सा बनने जा रहे हैं। मैं सभी को मनपूर्वक अनंत शुभकामनाएं देता हूँ मोदी जी के नेतृत्व में देश भर के पुलिस बल में आधुनिकिकरण की शुरुवात हुई। मगर उत्तर प्रदेश में यह शुरुआत 3 साल देरी से हुई। 2014 से 2017 तक भारत सरकार की कोई सुधार प्रक्रिया दूर-दूर तक उत्तर प्रदेश में दिखाई नहीं देती थी। 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस में सुधार की प्रक्रिया शुरु हुई।

अमित शाह ने कहा, उत्तर प्रदेश में पारदर्शिता के साथ – न खर्ची, न पर्ची, न सिफारिश, न जातिवाद, केवल योग्यता के आधार पर 48 लाख आवेदनों में से चयनित होकर पुलिस बल में जवान आए हैं। इससे बड़ी उपलब्धि किसी शासन व्यवस्था की नहीं हो सकती। इनमें 12 हजार से अधिक बेटियाँ भी शामिल हैं। बेटियों को नियुक्ति पत्र प्राप्त होते ही उनके चेहरे पर जो खुशी देखने को मिली, उसने मन को गहरा संतोष दिया। उत्तर प्रदेश में पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियाँ की गई हैं। तकनीक के प्रयोग से यह प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी बनी है। अब पुलिस व्यवस्था में कैमरे, कमांड सेंटर हैं, पीसीआर वाहन भी सक्रिय हैं और 150 से अधिक फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट्स भी तैनात हैं। दगों का गढ़ माने जाने वाला उत्तर प्रदेश अब दंगा-मुक्त हो चुका है, राज्य में अब न्याय का शासन स्थापित हो चुका है। अब गुंडों का फरमान नहीं चलता और अपराधियों को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जाता। उत्तर प्रदेश को विकसित के साथ-साथ सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी नवनियुक्त पुलिस बल के जवानों की है। मुझे विश्वास है कि आप सभी सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के मंत्र को अपनाते हुए आगे बढ़ोगे।

अमित शाह ने कहा, पीएम मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 60 करोड़ लोगों को हर घर में गैस का सिलेंडर, शौचालय, नल से जल, बिजली, 5 किलो मुफ्त अनाज, 5 लाख रुपये तक का इलाज और किसानों को हर साल 6,000 रुपये देने का कार्य करके मोदी जी ने पिछड़े, दलित, किसान और आदिवासी समुदायों के जीवन में नया उजाला लाने का काम किया है। पहले देश के 11 राज्यों में नक्सलवाद फैला हुआ था। लेकिन बीते 11 वर्षों में यह सिमटकर केवल 3 जिलों तक रह गया है और 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त कर दिया जाएगा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर कर आतंकियों के मुख्यालय को चूर-चूर कर ज़मीन में मिला दिया। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से मोदी जी ने पूरी दुनिया को सख्त संदेश दिया है कि भारतवासियों का खून बहाने की कोशिश करने वालों को कड़ा दंड दिया जाएगा। हमारी सेना के जवानों की सटीक मारक क्षमता ने उन ठिकानों को जमींदोज कर दिया जहाँ आतंकी पहले बैठकर गरजते थे, इंटरव्यू देते थे और बयानबाजी करते थे – अब उन्हीं जगहों से उनके रोते हुए इंटरव्यू आ रहे हैं। यह सशक्त भारत के एक नए युग की शुरुआत है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *