लखनऊ : यूपी के मौसम में उलटफेर का सिलसिला जारी है। भीषण गर्मी के बीच बारिश का दौर जारी है। आज यानी शनिवार को भी मौसम विभाग ने 47 जिलों में बारिश जबकि 19 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले, शुक्रवार को प्रदेश के 13 शहरों में जोरदार बारिश हुई। आगरा में आकाशीय बिजली गिरने से मनीषा नाम की एक युवती की मौत हो गई। इधर, भीषण गर्मी को देखते हुए प्राइमरी स्कूलों में छुट्टियां 15 दिन बढ़ा दी गई हैं। अब स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे।
शुक्रवार को प्रदेश में बांदा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 जून यानी आज से मौसम बदलेगा। आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
पश्चिमी यूपी में कहां-कहां अलर्ट?
पश्चिमी यूपी के कई ज़िलों में 50 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है। जिन जिलों में अलर्ट हैं- सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और इनके आस-पास के इलाके।
पूर्वी यूपी में भी मौसम बदलेगा
पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। अलर्ट में ये जिले शामिल हैं- देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद और आस-पास के इलाके।
यूपी में मानसून कब आएगा?
काशी में BHU के मौसम वैज्ञानिक ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया- दक्षिण भारत में एक मजबूत साइक्लोनिक सिस्टम बन रहा है, जिसका असर उत्तर भारत में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते 20 जून से 26 जून के बीच अच्छी बारिश की संभावना है। मानसून बिहार के प्रवेश द्वार पर सिक्किम और पश्चिम बंगाल की सीमा तक पहुंच चुका है।
IMD के मुताबिक, इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसलिए एक-दो दिनों में यह बिहार में भी दस्तक दे सकता है। बिहार में मानसून के प्रवेश करने का निर्धारित समय 10 से 12 जून है।
15 जून तक यह आगे बढ़ते हुए अमूमन पटना और रांची तक पहुंचकर करीब आधा बिहार और झारखंड कवर कर लेता है। करीब 20 जून के आसपास मानसून यूपी की पूर्वी सीमा और उत्तराखंड में प्रवेश कर जाता है। पूरे यूपी में मानसून 20 से 26 जून के बीच सक्रिय हो जाएगा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-प्रदेश में 15 जून तक हीट वेव के हालत रहेंगे। मानसूनी रेखा बिहार के प्रवेश द्वार पर सिक्किम और पश्चिम बंगाल की सीमा पर पहुंच चुकी है। 15 जून तक यह आगे बढ़ते हुए अमूमन पटना, रांची तक पहुंचते हुए करीब आधा बिहार और झारखंड को कवर कर लेती है। करीब 20 जून के आसपास मॉनसून यूपी की पूर्वी सीमा, उत्तराखंड भी प्रवेश कर जाता है। उन्होंने बताया कि पूरे यूपी में मानसून 20-26 जून के बीच सक्रिय हो जाएगा। 20 से 26 जून के बीच मानसून पूरे यूपी में एक्टिव हो जाएगा।
यूपी में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में गर्मी की छुट्टी अब 30 जून तक रहेगी। 1 जुलाई से स्कूल खुलेंगे। प्रदेश में चल रही हीट वेव और गर्मी के कारण सरकार ने यह निर्णय लिया है। हालांकि, टीचर्स को 16 जून से स्कूल आना होगा। यानी, उनकी छुट्टी 15 जून तक ही रहेगी। शुक्रवार शाम को योगी सरकार ने इसका आदेश जारी किया।