नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश हो गया है। विमान क्रैश होने के बाद हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। राहत-बचाव का कार्य जारी है। क्रैश साइट से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्लेन के टेक ऑफ करने के तुरंत बाद यह हादसा हुआ। इस प्लेन में 12 क्रू मेंम्बर्स (दो पायलट समेत) और 230 यात्रियों सहित कुल 242 लोग सवार थे।
एयर इंडिया की यह फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। विमान का पिछला हिस्सा किसी चीज से टकराया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। विमान में भयंकर आग लग गई है। सब धुआं-धुआं हो गया है।जानकारी के मुताबिक, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक, 12 क्रू मेंम्बर्स सवार थे। इनमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 के दर्दनाक हादसे के बाद CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) ने तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल सक्रिय करते हुए घटनास्थल पर मोर्चा संभाल लिया। CISF ने घटनास्थल की तस्वीरें ट्वीट की हैं और जानकारी दी है। CISF ने कहा है कि वे इस दुखद घड़ी में पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
एयर इंडिया ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
एयर इंडिया ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बारे में ज्यादा जानकारी प्राप्त करने के लिए यात्री हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी की है। वहीं, जानकारी आ रही है कि मौके पर NDRF, BSF के अलावा सेना की भी टीम पहुंच गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू शाम साढ़े पांच बजे तक दुर्घटना स्थल पर पहुंचेंगे।
पीएम मोदी ने राममोहन नायडू से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना का जायजा लिया। मंत्री राममोहन नायडू ने पीएम को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। पीएम ने मंत्री को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।