विन न्यूज़ नेटवर्क। CUET UG 2027 को लेकर छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) परीक्षा के मौजूदा पैटर्न में बदलाव की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित बदलावों के तहत परीक्षा की अवधि कम करने, प्रश्नों की संख्या घटाने और एक छात्र की पूरी परीक्षा एक ही दिन में कराने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अभी इन बदलावों पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
छात्रों को बार-बार परीक्षा केंद्र जाने से मिल सकती है राहत
मौजूदा CUET UG व्यवस्था में छात्र अपने चुने हुए विषयों के हिसाब से अलग-अलग दिन परीक्षा देते हैं। पांच विषय चुनने वाले छात्रों को परीक्षा देने के लिए दो या तीन बार परीक्षा केंद्र जाना पड़ सकता है। इससे छात्रों को अतिरिक्त यात्रा, समय और खर्च का सामना करना पड़ता है।
प्रस्तावित नए मॉडल में किसी छात्र की सभी विषयों की परीक्षा एक ही दिन में कराने की योजना पर विचार किया जा रहा है। CUET UG की परीक्षा भले ही कई दिनों की अवधि में आयोजित हो, लेकिन प्रत्येक छात्र को इस अवधि में एक दिन का परीक्षा स्लॉट दिया जा सकता है। इससे परीक्षा प्रक्रिया छात्रों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिल सकती है।
पेपर की अवधि हो सकती है कम
नए पैटर्न में परीक्षा के समय को भी कम करने की तैयारी है। वर्तमान में एक विषय के पेपर के लिए 60 मिनट का समय मिलता है। प्रस्तावित व्यवस्था में इसे करीब 40 से 45 मिनट किया जा सकता है।
समय कम होने के कारण प्रश्नों की संख्या घटाने का प्रस्ताव भी सामने आया है। फिलहाल एक विषय में 50 प्रश्न होते हैं, जबकि नए मॉडल में इनकी संख्या करीब 35 से 40 किए जाने की संभावना है। इससे परीक्षा की कुल अवधि कम होगी, लेकिन छात्रों के लिए समय प्रबंधन अधिक अहम हो जाएगा।
पांच की जगह चार विषयों का विकल्प?
CUET UG में विषयों की अधिकतम संख्या को लेकर भी समीक्षा की जा रही है। फिलहाल छात्र अधिकतम पांच विषय चुन सकते हैं। प्रस्तावित बदलाव में इसे घटाकर चार करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
अगर पांच विषयों का विकल्प जारी रहता है और प्रत्येक पेपर 40 मिनट का होता है, तो पांचों पेपर करीब 200 मिनट में पूरे हो सकते हैं। वहीं, चार विषय होने पर कुल परीक्षा अवधि लगभग 160 मिनट रह सकती है।
CUET PG के लिए भी बदल सकती है व्यवस्था
CUET PG में भी कम आवेदन वाले पाठ्यक्रमों को लेकर नई व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। जिन पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों की तुलना में आवेदन कम आते हैं, वहां प्रवेश परीक्षा कराने के बजाय मेरिट के आधार पर दाखिले का विकल्प अपनाया जा सकता है।
हालांकि, अभी CUET UG और CUET PG के प्रस्तावित बदलावों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। NTA और संबंधित नियामक संस्थाओं की ओर से आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 2027 की परीक्षा में कौन-कौन से बदलाव लागू होंगे। तब तक छात्रों को मौजूदा परीक्षा पैटर्न के आधार पर अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए।