वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का मुंबई में निधन, PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
पत्रकारिता जगत को झटका, 46 साल की उम्र में पायल मेहता का निधन

विन न्यूज़ नेटवर्क। 46 साल की उम्र में वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का निधन हो गया। रविवार तड़के मुंबई में उन्होंने आखिरी सांस ली। पायल मेहता ‘सीएनएन-न्यूज18’ से जुड़ी थीं और संसद, केंद्र सरकार तथा भारतीय जनता पार्टी से संबंधित खबरों की रिपोर्टिंग करती थीं। उनके अचानक निधन की खबर सामने आने के बाद पत्रकारिता जगत के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है।

मुंबई में अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक पायल मेहता मुंबई की यात्रा पर थीं। इसी दौरान रात करीब दो बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं। वरिष्ठ पत्रकार शीला भट्ट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उनके निधन की जानकारी साझा की।

पायल मेहता को एक मेहनती और जिम्मेदार पत्रकार के तौर पर जाना जाता था। संसद सत्र के दौरान वह लगातार सक्रिय रहती थीं और राजनीतिक व सार्वजनिक मामलों से जुड़ी खबरों को बारीकी से कवर करती थीं।

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पायल मेहता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक मेहनती पत्रकार थीं और जमीन से जुड़ी उनकी समझ उनकी पत्रकारिता में साफ दिखाई देती थी। प्रधानमंत्री ने उनके राष्ट्रीय मुद्दों पर पकड़ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पायल को उनके पेशेवर काम के साथ-साथ उनके आत्मीय व्यवहार के लिए भी याद किया जाएगा।

अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पायल मेहता को विभिन्न मुद्दों की गहरी जानकारी रखने वाली कुशल पत्रकार बताया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से पत्रकारिता जगत को बड़ी क्षति हुई है। शाह ने उनके परिवार और मित्रों के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें इस मुश्किल घड़ी में शक्ति देने की प्रार्थना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पायल मेहता के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पायल बेहद मेहनती और समर्पित पत्रकार थीं। संसद सत्र के दौरान सुबह से देर रात तक उनकी सक्रियता और खबरों के प्रति प्रतिबद्धता को राजनाथ सिंह ने याद किया।

राहुल गांधी और खरगे ने भी जताया शोक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पायल मेहता को कर्मठ पत्रकार बताते हुए उनके असमय निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने उनके परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति संवेदना जताई।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी पायल मेहता के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार, मित्रों व सहकर्मियों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई अन्य नेताओं ने भी पत्रकार के निधन पर दुख जताया।

पायल मेहता के अचानक निधन से पत्रकारिता जगत में उनके साथ काम कर चुके लोगों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *