भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की पहली अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही, लेकिन उनके टैलेंट पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को पूरा भरोसा है। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बाद विंबलडन पहुंचे वैभव की पहली बार युवराज सिंह से मुलाकात हुई, जहां युवी ने न सिर्फ उनकी जमकर तारीफ की बल्कि भविष्य में उन्हें ट्रेनिंग देने की इच्छा भी जाहिर की।
भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज के बाद वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा विंबलडन मैच देखने पहुंचे थे। वहीं युवराज सिंह भी मौजूद थे। मुलाकात के दौरान युवराज ने कहा कि यह उनकी वैभव से पहली मुलाकात है और वह इस युवा बल्लेबाज की प्रतिभा से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने संकेत दिए कि वह आने वाले समय में वैभव के खेल को और निखारने के लिए उनके साथ काम करना चाहेंगे।
जियोहॉटस्टार से बातचीत में युवराज सिंह ने कहा, “मैंने अभिषेक शर्मा के साथ काफी काम किया है, अब वैभव सूर्यवंशी के साथ भी समय बिताना चाहूंगा। उसके सामने शानदार करियर है। वह अपने खेल को लेकर गंभीर है और मुझे पूरा विश्वास है कि वह भारतीय क्रिकेट में बहुत आगे जाएगा।”
युवराज सिंह ने मजाकिया अंदाज में अभिषेक शर्मा को “टर्मिनेटर-4” और वैभव सूर्यवंशी को “टर्मिनेटर-6” बताया। उन्होंने कहा कि दोनों युवा खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखते हैं। युवराज पहले भी अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के साथ काम कर चुके हैं। खासकर टी20 वर्ल्ड कप से पहले संजू सैमसन के साथ उनकी ट्रेनिंग का असर मैदान पर साफ देखने को मिला था।
अगर वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन की बात करें तो इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्हें डेब्यू का मौका मिला था। पहले मैच में उन्होंने 14 रन बनाए, जबकि अगले दो मैचों में क्रमशः 13 और 15 रन ही बना सके। लगातार साधारण प्रदर्शन के कारण उन्हें अंतिम मुकाबले से बाहर कर दिया गया। हालांकि, क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव अभी अपने करियर की शुरुआती दौर में हैं और सही मार्गदर्शन मिलने पर वह भविष्य में भारतीय टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकते हैं।