ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10 साल पहले लव मैरिज करने वाली महिला कविता का शव उसके घर के कमरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला के पति मोहित की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है और घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस को आशंका है कि विवाद के दौरान दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई और उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दोनों ने 2016 में परिवार की मर्जी के खिलाफ भागकर प्रेम विवाह किया था और अलग जाति से होने के कारण लंबे समय तक परिवार से दूर रहे। उनके दो बच्चे भी हैं। समय के साथ वे वापस गांव लौटे और दादरी क्षेत्र में रहने लगे।
घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपति के बीच अक्सर शराब के नशे में विवाद होता था। हत्या के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।