जी7 शिखर सम्मेलन से भारत के लिए एक अहम और सकारात्मक खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की मुलाकात के दौरान दोनों देशों ने साल के आखिर तक मुक्त व्यापार समझौता पूरा करने पर सहमति जताई है। यह बैठक फ्रांस के एवियॉन में आयोजित जी7 समिट से इतर हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात को दोनों देशों के मजबूत संबंधों का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि एक साल से भी कम समय में यह उनकी प्रधानमंत्री कार्नी के साथ चौथी बैठक है, जो भारत और कनाडा के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाती है। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा और ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और 2026 तक इसे पूरा करने के लक्ष्य को दोहराया। बातचीत के दौरान व्यापार के साथ-साथ ऊर्जा, नवाचार, शिक्षा और लोगों के बीच आदान-प्रदान जैसे मुद्दों पर भी सहमति बनी।
गौरतलब है कि कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी ने हाल ही में भारत का दौरा भी किया था, जहां यूरेनियम और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सहित कई अहम समझौते हुए थे। दोनों देशों ने रक्षा, परमाणु ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई थी।
हालांकि पिछले वर्षों में भारत-कनाडा संबंधों में तनाव देखा गया था, लेकिन हाल के समय में दोनों देशों ने संबंधों को सुधारने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। अब FTA को लेकर बनी यह सहमति दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली मानी जा रही है।