असम, केरलम और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. तीनों राज्यों की कुल 296 सीटों पर एक ही फेज में वोट डाले जा रहे हैं. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 11 बजे तक असम में 38.92%, केरलम में 33.28% और पुडुचेरी में 37.06% वोटिंग दर्ज की गई है.
तीनों ही राज्यों से अब तक शांतिपूर्ण मतदान की खबरें आई हैं. पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी अपनी सादगी दिखाते हुए मोटरसाइकिल से पोलिंग बूथ पहुंचे और अपना वोट डाला. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी सुबह-सुबह मतदान किया. वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने मतदान शुरू होने से पहले गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की.
राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है. पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस नेता ए.के. एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डालने के बाद कहा कि केरलम की जनता सरकार बदलने का मन बना चुकी है. असम में इस बार 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं. केरलम में 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं, जबकि पुडुचेरी की 30 सीटों पर 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इस बार इन राज्यों में 10 लाख से ज्यादा युवा मतदाता पहली बार अपने अधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.
इन चुनावों में कई बड़े रिकॉर्ड भी दांव पर हैं. केरलम में 70 साल के चुनावी इतिहास में पहली बार कोई मुख्यमंत्री जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रहा है. असम में भाजपा हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद लगाए हुए है. पुडुचेरी में एन. रंगास्वामी पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने की कोशिश कर रहे हैं.
मतदान के दौरान कुछ रोचक तस्वीरें भी सामने आईं. पुडुचेरी में एक पोलिंग बूथ पर रोबोट ने मतदाताओं का स्वागत किया, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा. वहीं असम के बरपेटा में सुबह तेज बारिश की वजह से वोटिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी रही. केरलम में फिल्म स्टार मोहनलाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान किया.