Trump’s ‘Catastrophic’ Ultimatum: ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलो वरना राख कर देंगे ईरान के तेल कुएं और बिजली घर’

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
"खोलो रास्ता या झेलो विनाश": ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा केंद्रों को उड़ाने की दी धमकी।

वाशिंगटन/तेहरान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया को हिला देने वाला एक बयान जारी किया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ (Truth Social) पर एक पोस्ट के जरिए ट्रंप ने ईरान को सीधी और खुली सैन्य धमकी दी है। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अगर विश्व व्यापार के लिए जीवन रेखा माना जाने वाला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) तुरंत नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के आर्थिक और ऊर्जा ढांचे को बमबारी कर पूरी तरह तबाह कर देगा।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अमेरिका इस समय ईरान में एक “नई और ज्यादा समझदार” सरकार के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है और इसमें काफी प्रगति भी हुई है। लेकिन साथ ही उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा, “अगर किसी भी वजह से समझौता नहीं होता है जो कि शायद हो जाए और अगर व्यापारिक रास्ता नहीं खुलता है, तो हम ईरान के तेल के कुओं, बिजली संयंत्रों और खर्ग द्वीप (Kharg Island) को निशाना बनाएंगे।”

’47 साल का बदला लेंगे’
ट्रंप की यह धमकी केवल एक व्यापारिक रास्ता खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक प्रतिशोध का नाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह उन तमाम अमेरिकी सैनिकों का बदला होगा जिन्हें ईरान के “47 साल के आतंकी राज” के दौरान बेरहमी से मार डाला गया था। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अब तक अमेरिका ने जानबूझकर ईरान के इन महत्वपूर्ण ठिकानों को हाथ नहीं लगाया था, लेकिन अब धैर्य जवाब दे चुका है।

महाविनाश की कगार पर दुनिया?
राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान तब आया है जब पाकिस्तान के जरिए अमेरिका और ईरान के बीच 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव पर बातचीत की खबरें आ रही थीं। लेकिन ईरान द्वारा शर्तों को ठुकराए जाने के बाद ट्रंप ने कूटनीति की मेज छोड़कर अब सीधे युद्ध के मैदान से गर्जना की है। अगर अमेरिका खर्ग द्वीप और तेल के कुओं पर हमला करता है, तो न केवल ईरान की अर्थव्यवस्था खत्म हो जाएगी, बल्कि पूरी दुनिया में तेल की कीमतों में ऐसा उछाल आएगा जिसे संभालना नामुमकिन होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *