7 में से 6 एयरपोर्ट बंद, सिर्फ अपनों को ठेके देना मकसद’: जेवर के उद्घाटन पर अखिलेश यादव का BJP पर तीखा प्रहार

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
अखिलेश का पलटवार: बीजेपी ने सिर्फ कमाई के लिए बाँटे ठेके, यूपी के 6 एयरपोर्ट बंद पड़े हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के भव्य उद्घाटन समारोह के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी ने इस प्रोजेक्ट को ‘विकसित भारत’ का प्रतीक बताया, वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का गंभीर आरोप लगाया है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का मकसद हवाई अड्डे चलाना नहीं, बल्कि केवल ‘कमाई बांटना’ है।

अखिलेश यादव ने कहा “7 में से 6 नए एयरपोर्ट बंद”
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक रिपोर्ट साझा करते हुए लिखा, “देखो भाजपा का भ्रष्ट प्रबंध, 7 में से 6 नये एयरपोर्ट बंद!” उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के बाकी हवाई अड्डों की हालत बेहद खराब है और सरकार को ‘घास हटवाकर’ उनकी असलियत देखनी चाहिए। अखिलेश के मुताबिक, अरबों रुपये के निर्माण कार्य केवल अपने चहेतों को ठेके देने के लिए किए जा रहे हैं, जबकि ‘उड़ान’ योजना के तहत हवाई जहाज उड़ाने में सरकार की कोई दिलचस्पी नहीं है।

पीएम मोदी ने भी साधा था सपा पर निशाना
अखिलेश यादव का यह हमला प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान के बाद आया है, जिसमें पीएम ने जेवर एयरपोर्ट की देरी के लिए पिछली सपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। पीएम मोदी ने उद्घाटन समारोह में कहा था कि 2004 से 2014 तक यह प्रोजेक्ट फाइलों में दबा रहा और यूपी में सपा की सरकार ने शुरुआती सालों में इस पर काम नहीं होने दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद ही इस एयरपोर्ट का निर्माण और उद्घाटन संभव हो पाया है।

कल दादरी में अखिलेश की बड़ी रैली
बीजेपी के ‘हवाई’ दावों और आरोपों का जवाब देने के लिए अखिलेश यादव कल, 29 मार्च को नोएडा के दादरी में एक विशाल रैली करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस रैली में अखिलेश जेवर एयरपोर्ट के क्रेडिट वॉर और प्रदेश की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *