मेक्सिको में हालात इस समय काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं। कुख्यात ड्रग माफिया सरगना Nemesio Oseguera Cervantes उर्फ ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद कई इलाकों में हिंसा भड़क उठी है। इस स्थिति को देखते हुए Embassy of India in Mexico City ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों से सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है।
रविवार (22 फरवरी 2026) को जारी इस एडवाइजरी में भारतीय दूतावास ने कहा कि मेक्सिको के कई राज्यों में सुरक्षा अभियान और आपराधिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। खासतौर पर जालिस्को राज्य के पुएर्तो वल्लार्टा, चापाला और ग्वाडलाहारा, तमाउलिपास के रेनोसा और आसपास के क्षेत्र, मिचोआकान, गुएरेरो और नुएवो लियोन के कुछ हिस्से इस समय संवेदनशील बने हुए हैं। इन इलाकों में सड़क अवरोध, पुलिस कार्रवाई और हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में मौजूद भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक अपने घरों या सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी गई है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए कई जरूरी सावधानियां भी बताई हैं। लोगों से कहा गया है कि वे कानून-प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई वाले इलाकों से दूर रहें और अपने आसपास के माहौल पर लगातार नजर बनाए रखें। बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें और स्थानीय समाचार माध्यमों के जरिए स्थिति की जानकारी लेते रहें। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी बताया गया है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 911 नंबर पर संपर्क करें, जो मेक्सिको की इमरजेंसी सेवा है। इसके अलावा भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने परिवार और दोस्तों को अपनी स्थिति की जानकारी समय-समय पर फोन, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए देते रहें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 भी जारी किया है।
दरअसल, मेक्सिको में यह हिंसा उस समय भड़की जब सुरक्षा बलों के एक बड़े अभियान में कुख्यात ड्रग माफिया सरगना नेमेसियो ओसेगेरा सर्वांतेस गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि जालिस्को में हुई मुठभेड़ के बाद उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की खबर फैलते ही उसके संगठन के समर्थकों ने कई जगहों पर हिंसक गतिविधियां शुरू कर दीं।
एल मेंचो Jalisco New Generation Cartel (CJNG) का प्रमुख था, जिसे मेक्सिको के सबसे खतरनाक और आक्रामक ड्रग कार्टेल्स में गिना जाता है। यह संगठन सुरक्षा बलों पर हमलों और बड़े पैमाने पर आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार CJNG का नेटवर्क बेहद व्यापक है और इसका प्रभाव मेक्सिको के कई हिस्सों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ है।
मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने एक बार फिर सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यधिक सतर्कता बरतें, भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षा निर्देशों का पालन करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।