गुजरात के अमरेली जिले में शेर के हमले की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजुला वन क्षेत्र के कोवाया गांव के पास एक 25 वर्षीय होटल कर्मचारी की शेर ने हमला कर जान ले ली। इतना ही नहीं, हमले के बाद शेर ने युवक के शरीर के कई हिस्सों को खा भी लिया।
घटना मंगलवार सुबह तब सामने आई जब स्थानीय लोगों को सड़क किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव और उसका कटा हुआ सिर मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला था और कोवाया गांव के पास स्थित एक होटल में काम करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात काम खत्म करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था, तभी झाड़ियों के पास शेर ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग के सहायक वन संरक्षक वीरलसिंह चावड़ा के अनुसार, घटना स्थल के आसपास चार शेरों का एक समूह देखा गया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि इन्हीं में से किसी शेर ने युवक पर हमला किया होगा। विभाग ने सभी चार शेरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में इस घटना के बाद भारी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में शेरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। इससे पहले भी पास के भकोदर गांव में ऐसी ही घटना हो चुकी है। विधायक हीरा सोलंकी ने इस घटना पर दुख जताते हुए वन विभाग को पत्र लिखकर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शेरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।