योगी सरकार की ‘सवेरा योजना’ : बुजुर्गों के लिए सुरक्षा और सेवा का नया संकल्प

सुरक्षित बुजुर्ग, सशक्त समाज – सवेरा योजना के साथ

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
सवेरा योजना – बुजुर्गों का सहारा, सुरक्षा का वादा
Highlights
  • यूपी सरकार ने बुजुर्गों की सुरक्षा हेतु ‘सवेरा योजना’ चलाई।
  • अब तक 16,52,709 वरिष्ठ नागरिक योजना से जुड़े।
  • केवल एक वर्ष में 27,000 नए पंजीकरण।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार समाज के कमजोर वर्गों और जरूरतमंद लोगों की सुरक्षा एवं सेवा को लेकर नई पहल कर रही है। इसी कड़ी में बुजुर्गों की सुरक्षा और सहयोग सुनिश्चित करने के लिए ‘सवेरा योजना’ ने प्रदेश में एक मजबूत विश्वास का माहौल बनाया है।

इस योजना का उद्देश्य न केवल वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा करना है, बल्कि उन्हें समाज से जोड़ना और यह विश्वास दिलाना भी है कि वे अकेले नहीं हैं। योगी सरकार की मंशा है कि बुजुर्गों की हर समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया जाए।

सवेरा योजना की विशेषता
‘सवेरा योजना’ यूपी-112 की एक विशेष पहल है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कराया जा रहा है। पंजीकरण के बाद बुजुर्गों को तुरंत और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जाती है। उनकी समस्याओं पर न केवल फोन पर संवाद किया जाता है बल्कि बीट पुलिस कर्मी और पीआरवी कर्मी समय-समय पर उनसे मिलकर उनकी स्थिति की जानकारी भी लेते हैं। अब तक 16,52,709 वरिष्ठ नागरिक योजना से जुड़ चुके हैं, जिनमें से केवल पिछले एक वर्ष में ही 27,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है।

कैसे मिलेगी मदद?

प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक अपना नामांकन दो तरीकों से कर सकते हैं:

  • निकटतम थाने पर जाकर
  • यूपी-112 पर कॉल करके

पंजीकरण के बाद बुजुर्गों को इस योजना के तहत ये लाभ मिलते हैं:

  • आपात स्थिति में तुरंत मदद
  • पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया
  • बीट पुलिस/पीआरवी कर्मियों द्वारा नियमित मुलाकात
  • स्वास्थ्य और सुरक्षा की समय-समय पर जानकारी

मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी घटनाएं
योजना के तहत बुजुर्गों की मदद केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि पीआरवी कर्मियों ने कई बार अपनी जिम्मेदारी से बढ़कर संवेदनशील कार्य किए हैं। 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण रास्ता भटक गए। यूपी-112 की पीआरवी टीम ने न सिर्फ उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाया बल्कि उनकी गाड़ी भी खुद चलाकर घर तक छोड़ी। यह घटना पुलिस की संवेदनशीलता का उदाहरण बनी।

एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उनका बेटा पार्क में छोड़कर चला गया। महिला को असहाय अवस्था में देखकर पीआरवी कर्मियों ने तुरंत मदद की और उन्हें स्थानीय थाना एवं ग्राम प्रधान से सुरक्षित रूप से जोड़ दिया।

एक वृद्ध महिला ने नदी में कूदने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी कर्मियों ने स्थानीय मछुआरों और नाविकों की मदद से महिला की जान बचाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर विशेष पहल
विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर यूपी-112 ने पंजीकृत वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया। पुलिस ने फोन पर उनकी सेहत और समस्याओं की जानकारी ली और आपात स्थिति में 112 पर कॉल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, प्रदेशभर में पीआरवी कर्मियों ने बुजुर्गों के घर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। यह कदम केवल सेवा का ही नहीं बल्कि सम्मान का भी प्रतीक बना।

नेतृत्व और दिशा
इस योजना का संचालन पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशन में किया जा रहा है। मती नीरा रावत, पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 के मार्गदर्शन में इसे पूरे प्रदेश में विस्तार दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं यह सुनिश्चित किया है कि वरिष्ठ नागरिकों को समय पर सहायता मिले और वे सुरक्षित महसूस करें।

बुजुर्गों के लिए एक भरोसा
‘सवेरा योजना’ बुजुर्गों को केवल सुरक्षा ही नहीं देती, बल्कि उन्हें समाज से जुड़े रहने का भी विश्वास देती है। यह पहल साबित करती है कि योगी सरकार की प्राथमिकताओं में बुजुर्गों का सम्मान और उनका सुरक्षित जीवन सर्वोपरि है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *