लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हॉल में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।
सरकार द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम को अपमानित करने वाले वास्तव में महर्षि वाल्मीकि का भी अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को महर्षि के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ भारत की दिशा में कार्य करना चाहिए।
सीएम योगी ने वाल्मीकि समाज की प्रभावशीलता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर परिसर में सप्तऋषियों के जिन मंदिरों का निर्माण हो रहा है उनमें एक मंदिर भगवान वाल्मीकि को समर्पित है। साथ ही देश का पहला इंटरनेशनल एयरपोर्ट जो अयोध्या में स्थापित हो रहा है वह भी वाल्मीकि के नाम पर है। यह सभी पहले डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।