उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
उज्जैन में बढ़ा तनाव, मौके पर भारी पुलिस बल

विन न्यूज़ नेटवर्क। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार को शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क चौड़ीकरण के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई और पथराव की घटनाएं सामने आईं। हालात संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को मौके से हटाया।

मस्जिद के पास आवाजाही पर रोक

विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शाही मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग की गई है और आम लोगों की आवाजाही को सीमित किया गया है। शहर में भी एहतियात के तौर पर अलर्ट रखा गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, 2,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि रैपिड एक्शन फोर्स की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।

सड़क चौड़ीकरण को लेकर है पूरा विवाद

दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व 2028 को देखते हुए कई इलाकों में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम चल रहा है। इसी कड़ी में खजराना वाली मस्जिद से अब्दालपुरा और जीवाजीगंज होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। सड़क को करीब 15 मीटर तक चौड़ा करने की योजना है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 9.80 करोड़ रुपये बताई गई है और करीब 272 इमारतों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। इनमें कुछ धार्मिक स्थल भी शामिल हैं।

मस्जिद के हिस्से को हटाने पर आमने-सामने आए लोग

सोमवार को सड़क की जद में आ रहे शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई तो बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। विरोध के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पथराव की स्थिति बनी और पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों की पहचान कर एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी भी दी है।

एक दिन पहले सीएम ने भी हटाया था अपने घर का हिस्सा

खास बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री मोहन यादव का पैतृक मकान भी आ रहा है। रविवार को मुख्यमंत्री ने खुद अपने पुराने मकान के प्रभावित हिस्से पर फावड़ा चलाकर कार्रवाई की शुरुआत की थी। इस परियोजना के तहत उनके मकान का भी एक हिस्सा हटाया जाना है।

शहर में प्रशासन की नजर, शांति बनाए रखने की अपील

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *