सामाजिक सुरक्षा : बीमा रकम दोगुना करने के साथ प्रीमियम भी बढ़ाने की योजना

अभी सालाना प्रीमियम 436 रुपए प्रति सदस्य है, जिसे बढ़ाकर 700 से 800 रुपए के बीच लाने पर भी विचार किय जा रहा है।

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
सामाजिक सुरक्षा : बीमा रकम दोगुना करने के साथ प्रीमियम भी बढ़ाने की योजना

नई दिल्ली : केंद्र सरकार प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में जीवन बीमा की राशि दोगुनी करने पर विचार कर रही है। वित्त मंत्रालय से एक सूत्र ने बताया कि इसके लिए प्रीमियम में भी तब्दीली की जा सकती है। अधिकारी ने कहा, अभी जीवन ज्योति बीमा योजना में 18 से 50 साल के लोगों को साल भर के लिए 2 लाख रुपए का जीवन बीमा मिलता है। इसे बढ़ाकर 4 लाख रुपए किया जा सकता है। वहीं, अभी सालाना प्रीमियम 436 रुपए प्रति सदस्य है, जिसे बढ़ाकर 700 से 800 रुपए के बीच लाने पर भी विचार किय जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि सरकार प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना में भी बीमा की राशि बढ़ाने पर विचार कर रही है। लेकिन अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। सरकार देख रही है कि कम आय वाले वर्ग ज्यादा प्रीमियम दे पाएंगे या नहीं।

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
यह दुर्घटना में बीमा की सुविधा देने वाली योजना है, जिसमें 20 रुपए का छोटा सा प्रीमियम लेकर दुर्घटना से मौत या विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रुपए तक का बीमा दिया जाता है। इस योजना में भी हर साल पॉलिसी का नवीकरण होता है। 18 से 70 साल के लोग एक खाते से ऑटो डेबिट की इजाजत देकर इस बीमा योजना में शामिल हो सकते हैं।

बैंक लक्ष्य हासिल करने में पीछे छूटे
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय समावेशन की इन दोनों अहम योजनाओं के सालाना लक्ष्य हासिल नहीं कर सके हैं। इन बैंकों को पिछले वित्त वर्ष में सुरक्षा बीमा योजना में 6.4 करोड़ पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया था मगर केवल 40% ही पंजीकरण हो पाया। जीवन ज्योति बीमा योजना में 4.1 करोड़ पंजीकरण के लक्ष्य में से केवल 30% प्रतिशत पूरा हो पाया।

बता दें, कि 26.75 करोड़ लोग पंजीकृत हैं पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना में, इसमें अब तक 9.2 लाख क्लेम आए और 18,398 करोड़ रुपए वितरित किए गए। 51 करोड़ से अधिक लोग पंजीकृत हैं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में, इसमें 1.57 लाख दावों में 3,121 करोड़ रुपए बांटे जा चुके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *