तेहरान/तेल अवीव : इजराइल और ईरान के बीच टकराव में पिछले 24 घंटे में अब तक 138 लोग मारे गए हैं। इजराइल ने शुक्रवार रात 10:30 बजे दूसरी बार ईरान के परमाणु ठिकानों पर फाइटर जेट्स हमले किए।
इस हमले में 60 लोगों की मौत हो गई। 350 से ज्यादा लोग घायल हुए। इससे पहले शुक्रवार सुबह 5:30 बजे हुए हमले में 78 लोग मारे गए थे। इनमें 6 परमाणु वैज्ञानिक और 20 से ज्यादा ईरानी कमांडर्स की मौत हुई।
ईरान ने शुक्रवार रात हमले के तुरंत बाद पलटवार किया और ईजराइल की ओर 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं। 6 मिसाइलें राजधानी तेल अवीव में गिरीं, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। 90 से ज्यादा लोग घायल हैं।
ईरान ने दावा किया कि मिसाइल इजराइली रक्षा मंत्रालय पर भी गिरी। हालांकि अभी तक इजराइल ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू को सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट कर दिया गया था। टकराव शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे तक जारी रहे। इजरायली हमलों के बीच ईरान के एयरपोर्ट्स और एयर नेविगेशन कंपनी ने अगली सूचना तक देश के सभी एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट ऑपरेशन्स सस्पेंड कर दिया है।
IRNA न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कंपनी ने अपने एक बयान में यात्रियों से एयरपोर्ट की तरफ जाने से बचने की अपील की है। इससे पहले शुक्रवार को ईरान ने अगले आदेश तक अपना एयरस्पेस बंद करने की घोषणा की थी। इसके बाद कई एयरलाइन कंपनियों ने मिडिल ईस्ट आने-जाने वाली अपनी फ्लाइट्स या तो सस्पेंड कर दी या कैंसिल कर दी।
इजराइल ने 200 फाइटर जेट्स से ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया। इजराइल ने इसे ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ नाम दिया। इजराइली ऑपरेशन में ईरान के 6 वैज्ञानिक, 20 मिलिट्री कमांडर मारे गए। ईरान ने पलटवार किया, इसे ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’ नाम दिया। 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं। ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइल से इजराइली रक्षा मंत्रालय को हिट करने का दावा किया। नेतन्याहू ने पीएम मोदी से बातचीत की और हालात की जानकारी दी। ट्रम्प ने ईरान को धमकी दी, कहा- परमाणु समझौता करें वरना बड़ा हमला होगा।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, इजराइल ने शनिवार को तेहरान में एक रिहायशी इमारत पर हमला किया। इसमें 20 बच्चों समेत 60 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को हमले में 78 लोग मारे गए थे और 320 घायल हुए थे। संयुक्त राष्ट्र में चीन के राजदूत फू कांग ने इजराइल के ईरान पर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन है। ईरान के न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला हुआ, इसे लेकर हम चिंतित हैं। इजराइल ने एक बार फिर से हद पार की है।
ईरान की सरकारी टीवी चैनल तस्मीन न्यूज के मुताबिक इजराइली हमले में 2 और बड़े ईरानी जनरल को मारे जाने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक सेना के खुफिया विभाग के डिप्टी चीफ जनरल गुलाम रेजा मेहराबी और ऑपरेशन डिप्टी चीफ जनरल मेहदी रब्बानी मारे गए हैं। इससे पहले ईरान ने माना था कि उनके 4 बड़े सैन्य अफसरों की मौत हो चुकी है।
IDF ने कहा कि शुक्रवार रात उनके दर्जनों फाइटर जेट्स ने रातभर ईरान की राजधानी तेहरान पर हवाई हमला किया। इस दौरान ईरानी एयर डिफेंस इंफ्रास्ट्रचर को भी निशाना बनाया गया। इजराइली एयर फोर्स के चीफ टोमर बार ने कहा कि इस ऑपरेशन के लिए इजराइली सेना ने 1500 किमी से ज्यादा का सफर तय किया। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने रिजर्व फोर्स को लेबनान से लगी सीमा पर बैकअप फोर्स के रूप में बुलाया है। कई अन्य रिजर्व बटालियनों को लेबनान और सीरिया की बार्डर पर तैनात किया गया है। इजराइली वायुसेना के दर्जनों फाइटर जेट ने रातभर तेहरान में कई ठिकानों पर हमले किए। इनमें जमीन से हवा में मार करने वाले मिसाइल सिस्टम को भी टारगेट किया गया।
इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने बताया कि डेड सी और दक्षिणी वेस्ट बैंक के पास दागे गए कई ईरानी ड्रोनों को इजराइली एयरफोर्स ने मार गिराया। वहीं, इजराइल के किरयात शमोना और गैलिली पैनहैंडल में संदिग्ध ड्रोन घुसपैठ की चेतावनी वाले सायरन बज रहे हैं। जॉर्डन ने स्थानीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे से अपना एयरस्पेस दोबारा खोल दिया है।
इससे पहले जॉर्डन ने कल इजराइल-ईरान में तनाव के बीच एयरस्पेस को बंद करने का फैसला किया था। जॉर्डन सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने कहा था कि देश अपने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं होने देगा और न ही इसे किसी भी संघर्ष का मैदान बनने देगा। हमास के लीडर इज्जत अल-रिशेक ने ईरान के मिसाइल हमलों की तारीफ की। उन्होंने फिलिस्तीनी न्यूज से कहा- ईरान ने इजराइल के हाई-टेक सेफ्टी सिस्टम को नाकाम कर दिया। इजराइली सेना ने अरावा में एक ड्रोन को मार गिराया है। इस क्षेत्र काफी देर से ड्रोन की घुसपैठ को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। जिसे अब हटा लिया गया है। ईरान की तरफ से इजराइल पर रात भर किए गए हमलों में 43 लोग घायल हुए थे।
इन्हें इलाज के लिए शीबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 23 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इजराइली हमले के बाद ईरान ने अमेरिका के साथ न्यूक्लियर डील पर बातचीत को बेकार बताया है। उसने अमेरिका पर इजराइल का समर्थन का आरोप लगाया है।
अमेरिका और ईरान के बीच रविवार को न्यूक्लियर डील पर 6वें दौर की बातचीत होनी थी, जो अब नहीं होगी। इजराइल के इमरजेंसी डिपार्टमेंट ने बताया है कि आज सुबह ईरान के हमले में 2 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 20 घायल हैं।
इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हमला सेंट्रल इजराइल की एक इमारत पर हुआ था। सेंट्रल इजराइल में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद कई घरों को नुकसान पहुंचा है। इन हमलों में कम से कम 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
वहीं IDF ने कहा है कि अब लोग शेल्टर से बाहर निकल सकते हैं। संयुक्त राष्ट्र (UN) में चीन के डिप्लोमैट फू कांग ने ईरान पर इजराइली हमले की निंदा की और उससे मिलिट्री एक्शन रोकने की मांग की। UNSC की इमरजेंसी मीटिंग में बोलते हुए फू कांग ने कहा बीजिंग इजराइल की कार्रवाई को लेकर बहुत चिंतित है।
उन्होंने कहा- चीन, इजराइल की तरफ से ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा करता है और लड़ाई को आगे बढ़ाने का विरोध करता है। इजराइल ने अमेरिका के टर्मिनल हाई-एल्टिट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) सिस्टम की मदद से पृथ्वी के वायुमंडल के बाहर ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक लिया।
अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में इजराइल में THAAD को तैनात किया था। ईरान इंटरनेशनल न्यूज के मुताबिक, इजराइल ने भी ईरान के इस्फहान शहर पर मिसाइल अटैक किया है। ईरानी एयरडिफेंस सिस्टम इन हमलों को रोकने की कोशिश कर रहा है। इजराइली सेना ने बताया कि ईरान ने फिर से मिसाइल हमला शुरू कर दिया है। उत्तरी इजराइल और इजराइल के कंट्रोल वाले गोलान हाइट्स में सायरन बजे रहे हैं। लोगों से बम शेल्टर्स में जाने की अपील की गई है।
सेना का कहना है कि उसने ईरान से लॉन्च की गई कई मिसाइलों का पता लगाया है। वायुसेना हमलों को नाकाम करने के लिए काम कर रही है। इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के एजेंटों ने तेहरान के अंदर ही एक छिपी हुई ड्रोन निर्माण/स्टॉकिंग साइट स्थापित की। यहां उन्होंने छोटे विस्फोटक ड्रोन बनाए और कई महीनों तक छुपाकर उन्हें तैयार रखा।
मोसाद ने ईरान में रणनीतिक रूप से जरूरी इलाकों जैसे एयर डिफेंस सिस्टम्स, सैम बैटरियों और मिसाइल लॉन्चर बेस के नजदीक ड्रोन और गाइडेड मिसाइलों को डिप्लॉय किया। शुक्रवार को इजराइली लड़ाकू विमानों ने हमला शुरू किया, तो पहले से मौजूद ड्रोन से रडार व लॉन्चर नष्ट किए। अमेरिकी न्यूज चैनल CNN ने ईरान के सीनियर अधिकारी के हवाले बताया है कि जो भी देश इजराइल की रक्षा करने में मदद करेंगें। ईरान उन देशों के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा।
ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम समाचार ने खबर दी है कि पूर्वी तेहरान के हकीमीयेह और तेहरानपर्स इलाकों में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई है। फिलहाल इसके पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। इससे पहले तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो मिसाइल गिरे थे, जिसके बाद भीषण आग लग गई थी।