मणिकर्णिका घाट जाने से रोका गया प्रतिनिधि मंडल
सपा का प्रतिनिधि मंडल पहले से घोषित कार्यक्रम के तहत सर्किट हाउस से मणिकर्णिका घाट जाने के लिए रवाना हुआ था। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया। इससे नाराज सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी।
चंदौली से सांसद वीरेंद्र सिंह को अर्दली बाजार क्षेत्र में रोकने के बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए। इसी तरह लहुराबीर क्षेत्र में रोके जाने पर सपा के स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा धरने पर बैठ गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने जबरन वैन में बैठाया।
सांसदों और नेताओं पर कार्रवाई
बलिया से सांसद सनातन पांडेय को मणिकर्णिका घाट न जाने देने पर उन्होंने गाजीपुर के बिरनो क्षेत्र में क्यामपुर टोल प्लाजा के पास धरना दिया, जो करीब चार घंटे तक चला। जौनपुर की मछलीशहर सीट से सांसद प्रिया सरोज को हाउस अरेस्ट किया गया। सपा के प्रदेश सचिव राजू यादव को भी पुलिस वैन में बैठाया गया। वैन में बैठने के बाद सपा नेताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
दिनभर चला सियासी घमासान
सुबह करीब 10 बजे से शाम 4 बजे तक पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच लुकाछिपी की स्थिति बनी रही। पुलिस के वायरलेस सेट पर लगातार सपा कार्यकर्ताओं पर नजर रखने के निर्देश प्रसारित होते रहे।
जगह-जगह से पकड़े गए सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस वैन में बैठाकर अलग-अलग इलाकों में ले जाया गया। करीब सात घंटे तक चले इस सियासी घटनाक्रम के बाद चंदौली से सांसद वीरेंद्र सिंह ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी आलोक वर्मा को सौंपा, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
18 कार्यकर्ता हिरासत में, देर रात जमानत
पुलिस ने प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान कुल 18 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। सभी को देर रात जमानत पर रिहा कर दिया गया।
लहुराबीर स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जैसे ही सपा महानगर अध्यक्ष दिलीप डे मणिकर्णिका घाट की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें वैन में बैठाकर चोलापुर थाने भेज दिया। उनके साथ एमएलसी आशुतोष सिन्हा और राजू यादव को भी थाने ले जाया गया।
अखिलेश यादव को देनी थी रिपोर्ट
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह प्रतिनिधि मंडल मणिकर्णिका घाट जाकर स्थिति का जायजा लेने और रिपोर्ट तैयार करने वाला था। प्रतिनिधि मंडल में महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, सांसद वीरेंद्र सिंह, सांसद सनातन पांडेय, सांसद प्रिया सरोज, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल सहित अन्य नेता शामिल थे। पुलिस कार्रवाई के चलते यह दौरा पूरा नहीं हो सका।
भाजपा मंत्री का सपा पर हमला
सपा के प्रदर्शन पर प्रदेश सरकार में मंत्री और भाजपा नेता रविंद्र जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा वाराणसी के विकास का विरोध किया है और काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के दौरान भी ऐसा ही किया था।
जायसवाल ने कहा कि मणिकर्णिका घाट का 18 करोड़ रुपये की लागत से विकास कराया जा रहा है और इसका विरोध उचित नहीं है।
थानाध्यक्ष द्वारा सांसद के पैर छूने का वीडियो वायरल
गाजीपुर में सांसद सनातन पांडेय के धरने के दौरान नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्रा उनके पास पहुंचे और पैर छुए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में थानाध्यक्ष को “भइया प्रणाम” कहते हुए देखा जा सकता है। इस पर कुछ लोग इसे शिष्टाचार बता रहे हैं, जबकि कुछ प्रशासनिक मर्यादा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।