मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच संभावित गैस संकट को लेकर केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश में घरेलू ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार, पिछले दो सप्ताह में 1.25 लाख नए PNG कनेक्शन जारी किए गए हैं, जबकि केवल तीन दिनों में 5,600 एलपीजी उपभोक्ताओं ने पाइप्ड गैस का विकल्प अपना लिया है। सरकार ने भरोसा दिलाया कि घरेलू एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और लोगों को अफवाहों से बचना चाहिए।
सरकार ने बताया कि कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति भी सुचारु है। करीब 17 राज्यों ने इसके लिए आवंटन आदेश जारी कर दिए हैं और सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को सप्लाई पहुंचाई जा चुकी है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में 56 लाख सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग हुई जबकि 55 लाख सिलेंडर की डिलीवरी की गई, जिससे वितरण प्रणाली के सामान्य होने का संकेत मिलता है।
कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र ने राज्यों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। लगभग 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, वहीं 25 स्थानों पर जिला स्तर की निगरानी समितियां गठित की गई हैं। इसके अलावा 15 राज्यों ने अतिरिक्त केरोसिन आवंटन के आदेश भी जारी किए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन उपलब्ध कराया जा सके।
सरकार के अनुसार, घबराहट में की जा रही बुकिंग में अब कमी आ रही है। कच्चे तेल की उपलब्धता, रिफाइनरी संचालन, पेट्रोल पंपों पर ईंधन आपूर्ति और परिवहन के लिए सीएनजी सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में किसी भी प्रकार की ईंधन कमी नहीं है और आपूर्ति 100 प्रतिशत जारी है।