26 साल के हुए ‘प्रिंस’ शुभमन गिल; वनडे में सबसे तेज 2000 रन, 59 की औसत, बनाए कई अनोखे रिकॉर्ड

एक टेस्ट सीरीज में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

Vin News Network
Vin News Network
6 Min Read
26 साल के ‘प्रिंस’ शुभमन गिल: रिकॉर्ड्स के नए बादशाह
Highlights
  • ‘प्रिंस’ गिल – 26 साल के, लेकिन रिकॉर्ड्स के पहाड़
  • वनडे में सबसे तेज़ 2000 रन (सिर्फ 38 पारियों में)
  • 59.04 का करियर औसत – दुनिया में दूसरा सबसे ऊंचा

भारतीय क्रिकेट के ‘प्रिंस’ कहे जाने वाले शुभमन गिल आज 26 साल के हो गए। सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें जमकर शुभकामनाएँ दीं और ‘फ्यूचर किंग’ बताते हुए ट्रेंड कराया। मौजूदा दौर के सबसे भरोसेमंद और स्टाइलिश बल्लेबाजों में गिने जाने वाले गिल ने महज़ छह साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में कई अद्भुत रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।

हाल ही में उन्हें टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि सीमित ओवर के प्रारूपों में वे उपकप्तान हैं। क्रिकेट पंडित उन्हें ‘किंग’ विराट कोहली का उत्तराधिकारी मानते हैं। गिल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीक, शॉट सिलेक्शन और बड़े मौकों पर प्रदर्शन से सबका दिल जीता है।

टेस्ट क्रिकेट में ‘रिकॉर्ड मशीन’
शुभमन गिल ने कम समय में टेस्ट क्रिकेट में कई अहम रिकॉर्ड बनाए हैं। बतौर कप्तान किसी एक सीरीज में सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में वे भारतीयों में पहले और ओवरऑल दूसरे स्थान पर हैं। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने 754 रन बनाए थे। यह रिकॉर्ड तोड़ने से वे बस थोड़ा पीछे रह गए – डॉन ब्रैडमैन के 810 रन अब भी शीर्ष पर हैं।

किसी एक टेस्ट सीरीज में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन

बल्लेबाजरन
डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया)810
शुभमन गिल (भारत)754
ग्राहम गूच (इंग्लैंड)752
सुनील गावस्कर (भारत)732
डेविड गॉवर (इंग्लैंड)732

गिल उन बल्लेबाजों की लिस्ट में भी शामिल हैं जिन्होंने एक ही टेस्ट में दोहरा शतक और दूसरी पारी में शतक लगाया। इतना ही नहीं, एक ही सीरीज में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में वे भारतीय बल्लेबाजों में सुनील गावस्कर के बराबर आ गए हैं। इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने चार शतक ठोके थे। यह रिकॉर्ड 1955 में वेस्टइंडीज के वॉलकॉट ने ऑस्ट्रेलिया में पांच शतक के साथ बनाया था।

वनडे क्रिकेट में अद्भुत आंकड़े

वनडे क्रिकेट में गिल का रिकॉर्ड और भी प्रभावशाली है। उन्होंने सबसे तेजी से 2000 रन बनाने वाले खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया। सिर्फ 38 पारियों में यह मुकाम हासिल किया, जबकि हाशिम अमला को 40 पारियां लगीं और बाबर आज़म को 45 पारियां।

वनडे में सबसे तेज 2000 रन (पारियों के हिसाब से)

खिलाड़ी (देश)समयमैचपारियां
शुभमन गिल (भारत)4 साल 264 दिन3838
हाशिम अमला (द.अ.)2 साल 318 दिन4140
जहीर अब्बास (पाक)9 साल 32 दिन4545
केविन पीटरसन (इंग्लैंड)2 साल 144 दिन5145
बाबर आज़म (पाकिस्तान)3 साल 108 दिन4745

वनडे क्रिकेट में गिल का बल्लेबाजी औसत 59.04 है, जो करियर में दूसरा सबसे ऊंचा है। उनसे ऊपर केवल नीदरलैंड्स के रयान टेन डोशाटे (67.00) हैं।

वनडे करियर में सर्वोच्च बल्लेबाजी औसत

खिलाड़ी (देश)मैचरनऔसत
रयान टेन डोशाटे (नीदरलैंड)33154167.00
शुभमन गिल (भारत)55277559.04
विराट कोहली (भारत)3021418157.88
डेविड मलान (इंग्लैंड)30145055.76
बाबर आज़म (पाकिस्तान)134629154.23

साल 2023 में गिल एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 1584 रन बनाए।

वनडे में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन

वनडे में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन

खिलाड़ी (देश)सालमैचरन
सचिन तेंदुलकर (भारत)1998341894
सौरव गांगुली (भारत)1999411767
राहुल द्रविड़ (भारत)1999431761
सचिन तेंदुलकर (भारत)1996321611
मैथ्यू हेडन (ऑस्ट्रेलिया)2007321601
सईद अनवर (पाकिस्तान)1996361595
शुभमन गिल (भारत)2023291584

अब तक गिल 37 टेस्ट मैचों में 41.35 की औसत से 2647 रन बना चुके हैं, जिसमें नौ शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में 55 मैचों में 59.04 की औसत से 2775 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और 15 अर्धशतक हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 21 मैचों में 30.42 की औसत और 139.27 के स्ट्राइक रेट से 578 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।

करियर की खासियत और भविष्य

शुभमन गिल अपनी तकनीक, क्लासिकल शॉट्स और दबाव के समय खेलने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं। गिल को भविष्य में भारतीय बल्लेबाजी का मुख्य स्तंभ माना जा रहा है। उनके रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां इस बात का सबूत हैं कि आने वाले समय में वे भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

वह अब एशिया कप टी20 में खेलते दिखाई देंगे। फैंस को उम्मीद है कि ‘प्रिंस’ आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट का ‘किंग’ बनकर उभरेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *