उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में रहने वाली तीन सगी नाबालिग बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। यह घटना देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। तीनों बहनों ने बी-1 टावर की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक तीनों बहनें फ्लैट नंबर 907 में अपने परिवार के साथ रहती थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तुरंत लोनी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
कमरे को अंदर से बंद कर दिया गया था
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले तीनों बहनों ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था। इसके बाद उन्होंने एक स्टूल का इस्तेमाल कर बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। पुलिस को मौके से किसी तरह की तोड़फोड़ या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं।
ऑनलाइन गेमिंग की लत की बात सामने आई
पुलिस के अनुसार तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग और मोबाइल गतिविधियों की आदी थीं। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि बच्चियां लंबे समय से मोबाइल गेम्स में अत्यधिक समय बिता रही थीं। कुछ दिनों पहले परिवार ने उनके मोबाइल इस्तेमाल पर रोक लगाई थी, जिसके बाद बच्चियां परेशान रहने लगी थीं।
यह भी सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रही थीं। पुलिस के अनुसार एक बच्ची पढ़ाई में कमजोर थी और अधिकतर समय घर पर ही रहती थी।
आठ पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
घटनास्थल से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। पुलिस के मुताबिक नोट में तीनों बहनों ने अपने गेम और मोबाइल गतिविधियों का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में लिखा गया है कि उन्हें गेम से बहुत लगाव है और वे इसे छोड़ नहीं सकतीं। नोट के अंत में “पापा, आई एम सॉरी” लिखा हुआ मिला है।
पुलिस अधिकारियों के बयान
ट्रांस हिंडन के डीसीपी निमिश पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बच्चियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं। हालांकि फिलहाल किसी खतरनाक ऑनलाइन टास्क या गेम से जुड़े होने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं।
वहीं शालीमार गार्डन के एसएसपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 2:15 बजे मिली थी और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
परिजनों की अपील
मृत बच्चियों के पिता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बच्चियां गेम और कोरियन कंटेंट को लेकर बहुत अधिक भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखें और समय रहते संवाद बनाए रखें।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और सुसाइड नोट सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।