बिहार। विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर बिहार सरकार ने प्रदेश के श्रमिकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के 16.5 लाख से अधिक निर्माण श्रमिकों के बैंक खातों में सीधे 802 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की है। यह सहायता “वार्षिक वस्त्र सहायता योजना” के तहत दी गई है जिसमें हर श्रमिक को ₹5,000 की आर्थिक मदद दी गई है।
श्रमिकों के कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि “बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड” के माध्यम से ट्रांसफर की गई है। सरकार का उद्देश्य है कि निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों का जीवनस्तर सुधरे और उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से मजबूती मिले। नीतीश कुमार ने कहा कि “श्रमिकों की मेहनत और योगदान से ही आज बिहार हर क्षेत्र में प्रगति की ओर अग्रसर है। हम उनके विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।”
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का वेब पोर्टल भी हुआ लॉन्च
इस खास मौके पर एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए “मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” के वेब पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से समाज के सबसे कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। यह योजना सामाजिक समावेश और विकास को गति देने में मददगार साबित होगी।
प्रधानमंत्री को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
विश्वकर्मा पूजा के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी मनाया गया। इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश और नागरिकों के विकास के लिए समर्पित हैं।