नई दिल्ली : पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उप-चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीवन गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। मतदान 19 जून को होगा और मतगणना तथा परिणामों की घोषणा 23 जून, 2025 को की जाएगी। अब इस सीट पर आप के संजीव अरोड़ा, कांग्रेस के भारत भूषण आशु, शिअद के परउपकार सिंह घुम्मण एवं भाजपा के जीवन गुप्ता के बीच चौकोना और दिलचस्प मुकाबला होगा।
जीवन गुप्ता का परिवार शुरू से ही संघ के साथ जुड़ा है और युवा अवस्था से ही उनका राजनीति की तरफ झुकाव था। इसलिए उन्होंने भाजपा के साथ अपना राजनीतिक कैरियर शुरू किया और पार्टी में कई अहम जिम्मेदारियां बखूबी निभाई हैं। अभी वे पार्टी की प्रदेश इकाई की कोर कमेटी के सदस्य हैं। इससे पहले प्रदेश महासचिव रहते हुए भी उन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए लगातार काम किया। जीवन गुप्ता ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा के जिला महासचिव के पद से की। इसके बाद वे युवा मोर्चा के जिला प्रधान और फिर प्रदेश सचिव एवं महासचिव रहे। इसके बाद जीवन गुप्ता पार्टी के प्रदेश महासचिव बने। जीवन गुप्ता का कार पार्ट्स का बिजनेस है।
लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए नामांकन का आज छठा दिन है। दो जून तक नामांकन भरे जाएंगे। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। अब तक दाखिल किए नामांकन पत्रों की संख्या आठ हो गई है। 31 मई को भी नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच तीन जून को होगी। इससे पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा के पांच मंडलों के इंचार्ज नियुक्त कर दिए थे। पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना को प्रभारी व पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला को सह-प्रभारी नियुक्त किया जा चुका है।