उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम एक भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 200 से अधिक झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। देखते ही देखते पूरा इलाका आग के गोले में तब्दील हो गया और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि मुंशी पुलिया से आगे रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में दोपहर के समय आग लगी थी, जो तेज हवाओं के कारण पास की झुग्गी बस्तियों तक पहुंच गई। झुग्गियों में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान कई घरों में रखे गैस सिलेंडर भी धमाकों के साथ फट गए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
आग की लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि करीब 10 किलोमीटर दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा था। धमाकों के बाद आसमान लाल हो गया और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और कई परिवारों को अपना सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
प्रशासन की शुरुआती जांच में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार, सिलेंडर विस्फोटों ने आग को और अधिक खतरनाक बना दिया था। जिस क्षेत्र में आग लगी, उसके आसपास होटल और ऑटोमोबाइल शोरूम भी मौजूद हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाना और उन्हें उचित इलाज देना सरकार की प्राथमिकता है।