इजराइल का अब ईरान के विदेश मंत्रालय पर अटैक, अब तक 224 की मौत

ईरान ने सोमवार सुबह इजराइल के पेताह तिकवा पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 67 घायल हैं।

Vin News Network
Vin News Network
12 Min Read
इजराइल का अब ईरान के विदेश मंत्रालय पर अटैक, अब तक 224 की मौत

तेहरान/तेल अवीव : ईरान और इजराइल के बीच चौथे दिन भी लड़ाई जारी है। इजराइल ने रविवार रात ईरान के विदेश मंत्रालय पर हमला किया। इसमें 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इससे एक दिन पहले इजराइली सेना ने ईरानी रक्षा मंत्रालय पर भी हमला किया था।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजराइली हमलों में अब तक 224 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 1,277 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं, अमेरिका में स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स ग्रुप ने ईरान में 406 लोगों के मारे जाने का दावा किया है।

ईरान ने भी इजराइल पर पलटवार किया है। ईरान ने सोमवार सुबह सेंट्रल इजराइल में 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 90 घायल हुए। अब तक इजराइल में ईरानी हमलों में 20 लोग मारे गए हैं, जबकि करीब 500 घायल हुए हैं।

इजराइल-ईरान संघर्ष का चौथा दिन

  1. इजराइल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ शुरू किया। ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला।
  2. इजराइली ऑपरेशन में ईरान के 14 वैज्ञानिक, 20 से ज्यादा मिलिट्री कमांडर मारे गए।
  3. ईरान ने पलटवार किया, इसे ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’ नाम दिया। सैकड़ों मिसाइलें दागीं।
  4. ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई पर हमले की प्लानिंग पर ट्रम्प के वीटो लगाने का दावा।
  5. इजराइली राष्ट्रपति को सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट किया गया।
  6. ईरान ने इजराइल के तीन F-35 फाइजर जेट गिराने का दावा किया।
  7. इजराइल में 21 लोगों की मौत। ईरान में 224 लोग मारे गए।
  8. ट्रम्प ने दावा किया इजराइल और ईरान में जल्द शांति समझौता होगा।
  9. इजराइल का ईरान में दुनिया की सबसे बड़ी पार्स गैस फील्ड पर हमला।
  10. इजराइल ने ईरान के विदेश और रक्षा मंत्रालय पर हमला किया।

इजराइल में कल रात ईरानी मिसाइल हमले के बाद आज अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास बंद रहेंगे। दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट में इसकी जानकारी दी। इसमें सभी अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए कहा गया है।

इजराइल में अमेरिकी राजदूत माइक हुकाबी ने कहा कि रविवार के हमले में ईरानी मिसाइल के टुकड़े तेल अवीव में वाणिज्य दूतावास से टकराए, थे। लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। दूतावास ने कहा कि वह फिलहाल अमेरिकियों को देश छोड़ने में मदद नहीं कर पा रहा है।

ईरान ने इजराइल के बनी ब्राक में भी मिसाइल हमला किया है। इसमें 80 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके साथ ही इजराइल में सोमवार को मरने वालों का आंकड़ा 5 पहुंच गया है। इससे पहले ईरान ने सोमवार सुबह इजराइल के पेताह तिकवा पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 67 लोग घायल हुए थे।

इजराइली एयर फोर्स ने तेहरान में ईरान की कुद्स फोर्स के हेडक्वार्टर पर हमला किया है। ये हमला खास खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया, जिसमें एयर फोर्स के फाइटर जेट्स ने ईरानी सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के इस ठिकाने को निशाना बनाया। बताया गया है कि इसी मुख्यालय से कुद्स फोर्स के सदस्य पूरे मिडिल ईस्ट में फैले ईरानी नेटवर्क के जरिए इजराइल के खिलाफ आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे। द्स फोर्स IRGC के भीतर एक ताकतवर यूनिट है जिसे 1980 के दशक में इराक-ईरान युद्ध के दौरान अपनी विशेष खुफिया यूनिट के रूप में बनाया गया था। इसे अफगानिस्तान, इराक, लेबनान, सीरिया और गाजा पट्टी में हिजबुल्लाह और हमास समेत सशस्त्र समूहों के साथ ईरान के संबंधों में बड़ी भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई को तेहरान के उत्तर-पूर्वी इलाके में एक बंकर में शिफ्ट कर दिया गया है। वे इस समय परिवार के साथ लाविजान में एक सुरक्षित जगह पर हैं। इससे पहले भी अप्रैल और अक्टूबर 2024 में जब ईरान ने इजराइल पर हमला किया था, तो खामेनेई ने इसी तरह बंकर में शरण ली थी। इजराइली सूत्रों के मुताबिक, पहले दिन के हमले में जानबूझकर खामेनेई को निशाना नहीं बनाया गया था, ताकि उन्हें अपने परमाणु कार्यक्रम को बंद करने का अंतिम मौका दिया जा सके।

ईरान में बीते 3 दिनों से जारी इजराइली हमले के बाद हालात काफी बिगड़ गए हैं। CNN के मुताबिक शहर के पेट्रोल पंपों पर कारों की लंबी-लंबी लाइनें लगने लगी हैं। लोग डरे हुए थे और शहर छोड़कर बाहर जाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक सिर्फ तेहरान में 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। एक शख्स ने रॉयटर्स से बताया कि कई बार कतार में लगने के बाद भी पेट्रोल मिलना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि ईंधन की सप्लाई सीमित है।

तेहरान के एक निवासी ने कहा कि लोगों के पास बमबारी से बचने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं है। पूरे शहर में कोई शेल्टर नहीं है जहां लोग भागकर जान बचा सकें। बहुत से लोग उत्तर की ओर कैस्पियन सागर की ओर जा रहे हैं, जो अपेक्षाकृत शांत और दूरदराज का इलाका है। लेकिन रास्ते इतने जाम हो चुके हैं कि वहां पहुंच पाना भी मुश्किल हो गया है। इजराइल ने रविवार को चेतावनी दी थी कि जो लोग हथियार बनाने वाले इलाकों के पास रहते हैं, वे तुरंत वहां से निकल जाएं क्योंकि खतरा और बढ़ सकता है।

ईरान-इजराइल संघर्ष की वजह से रविवार को तेल की कीमतों में और तेजी आई। यह पिछले हफ्ते के मुकाबले अब तक कुल 7% बढ़ चुकी है। अमेरिका में तेल की कीमतें 1.2% बढ़कर 73.85 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गईं, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल होने वाले ब्रेंट क्रूड की कीमत 1% बढ़कर 75 डॉलर प्रति बैरल हो गई।

सोमवार की सुबह, इजराइल के तटीय शहर हाइफा में जोरदार धमाके हुए। इन धमाकों से इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ जगहों पर आग भी लग गई। इजरायली सरकार ने बताया कि ये हमले ईरान की ओर से दागी गई नई मिसाइलों की वजह से हुए हैं। एक वीडियो में दिखा कि मिसाइलें हाइफा की एक तेल रिफाइनरी के पास गिरीं। इस युद्ध की वजह से यह डर बढ़ गया है कि कहीं तेल के निर्यात में बाधा न आ जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह संघर्ष और बढ़ा, तो यह दुनिया के सबसे अहम तेल मार्ग ‘होर्मुज स्ट्रेट’ पर असर डाल सकता है, जिससे पूरी दुनिया में तेल की सप्लाई खतरे में पड़ सकती है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने बताया कि उन्होंने रविवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की।

बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि ईरान के मामले में बातचीत और समझदारी से हल निकालना चाहिए। हालांकि उन्होंने सीजफायर की अपील नहीं की।

वॉन डेर लेयेन ने कहा कि वह नेतन्याहू से इस बात पर सहमत हैं कि ईरान के पास किसी भी हाल में परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि भले ही उन्होंने पहले गाजा में इजराइली हमलों की आलोचना की थी, लेकिन ईरान अगर अंतरराष्ट्रीय परमाणु नियमों का पालन नहीं कर रहा है, तो इजराइल को अपनी रक्षा करने का हक है।

ईयू की अध्यक्ष लेयन इन दिनों कनाडा में G7 देशों की बैठक में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बैठक में इजराइल-ईरान तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने जो ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलें बनाई हैं, वही अब यूक्रेन और इजराFल दोनों जगहों पर हमलों में इस्तेमाल हो रही हैं। इसलिए इन खतरों का मिलकर सामना करना होगा।

ईरान की पुलिस ने कहा है कि उन्होंने अलग-अलग अभियानों में इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के दो एजेंटों को पकड़ा है। उनके पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता सईद मोंतेजर अल-महदी ने बताया कि इन दोनों एजेंटों को तेहरान के पास फशाफुयेह इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 200 किलो से ज्यादा विस्फोटक, 23 ड्रोन, लॉन्चर और अन्य सैन्य उपकरण बरामद हुए हैं। एक निसान पिकअप ट्रक भी जब्त किया गया है।

ईरान का कहना है कि इजराइली एजेंटों ने ईरान के अंदर गड़बड़ी फैलाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। रविवार को अल्बोरज प्रांत में भी 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन पर भी मोसाद संग जुड़े होने का आरोप है।

इससे पहले शनिवार को ईरान ने यज्द प्रांत में 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन पर इजराइल का साथ देने और तस्वीरें लेने का आरोप है।

ईरान ने सोमवार सुबह इजराइल के पेताह तिकवा पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 67 घायल हैं। इसके साथ इजराइल में मरने वालों का आंकड़ा 19 हो गया है।

बेंजामिन नेतन्याहू के बेटे की शादी ईरान के मिसाइल हमलों को देखते हुए टाल दी गई है। टाइम्स ऑफ इजराइल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू के बेटे अवनेर नेतन्याहू सोमवार को अमित यार्डेनी से शादी करने वाले थे।

ईरान ने सोमवार सुबह भी इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमले करना जारी रखा है। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक सेंट्रल इजराइल में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले में 12 लोग घायल हुए हैं। वहीं, हाइफा में भी ईरानी मिसाइल गिरने की सूचना है।

इजराइल ने एक बार फिर से फोर्डो न्यूक्लियर साइट पर हमला किया है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के फोर्डो न्यूक्लियर साइट के पास जोरदार विस्फोट हुआ है। इजराइल ने 14 जून को भी फोर्डो साइट पर हमला किया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *