भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारत ने फाइनल मुकाबले में 52 रन से शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 298 रन बनाए, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरा देश गर्व और खुशी से झूम उठा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी टीम इंडिया को बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा- भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी सदस्यों को ICC महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने पर मेरी हार्दिक बधाई! उन्होंने पहली बार जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। यह निर्णायक क्षण महिला क्रिकेट को और ऊंचाइयों पर ले जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि लड़कियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और उनका प्रदर्शन प्रेरणादायक रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश: ‘हर भारतीय के लिए गर्व का पल’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत। फाइनल में उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा था। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण टीम वर्क और दृढ़ता दिखाई। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य के खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।
गृह मंत्री अमित शाह बोले ‘विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम!’
गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने लिखा – विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम! यह राष्ट्र के लिए गर्व का क्षण है, जब हमारी टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 अपने नाम किया है। आपकी प्रतिभा ने लाखों लड़कियों को प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अध्याय जोड़ती है।
खेल मंत्री मनसुख मंडाविया का बयान: ‘इतिहास रच दिया!’
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी टीम इंडिया को बधाई दी और कहा- इतिहास रच दिया! हमारी ‘वूमेन इन ब्लू’ का क्या शानदार प्रदर्शन रहा है। 140 करोड़ भारतीय इस गर्व के पल का जश्न मना रहे हैं। विश्व चैंपियंस को हार्दिक बधाई!
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा ‘आपने पूरे देश का दिल जीत लिया’ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने टीम को बधाई देते हुए लिखा – आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतने पर टीम इंडिया को बधाई! साहस, कौशल और विश्वास का अद्भुत प्रदर्शन। आपने सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि पूरे देश का दिल जीत लिया है। उन्होंने इसे भारतीय क्रिकेट और खेलों में महिलाओं के लिए एक सुनहरा पल बताया।
ममता बनर्जी ने कहा- ‘युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा है यह जीत’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भारतीय टीम को विश्व कप की जीत पर बधाई दी। उन्होंने लिखा- आज पूरा देश अपनी महिला टीम की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। उनका संघर्ष और नियंत्रण युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगा। आपने साबित कर दिया है कि आप विश्वस्तरीय टीम हैं। आप हमारी हीरो हैं।
भारत ने ऐसे रचा इतिहास 52 साल बाद वनडे विश्व कप पर कब्जा
यह मुकाबला महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जिससे मैच का रुख भारत के पक्ष में चला गया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ट की 101 रन की पारी टीम को बचा नहीं सकी। यह जीत खास इसलिए भी है क्योंकि 1973 में महिला वनडे विश्व कप शुरू होने के बाद भारत ने पहली बार यह खिताब जीता है।
देशभर में जश्न का माहौल
भारत की बेटियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से देशभर में जश्न का माहौल है। खेल जगत से लेकर आम नागरिक तक र कोई ‘वूमेन इन ब्लू’ की इस जीत पर गर्व महसूस कर रहा है। यह पल भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है।