अंगोला में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंगोला के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक की प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता का नेतृत्व किया

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
अंगोला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंगोला और बोत्सवाना की अपनी राजकीय यात्रा के पहले चरण में अंगोला के लुआंडा पहुँचीं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की अंगोला की पहली यात्रा है। राष्ट्रपति के साथ इस राजकीय यात्रा पर जल शक्ति और रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और संसद सदस्य प्रभुभाई नागरभाई वसावा और डी. के. अरुणा भी उपस्थित हैं। लुआंडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन पर, राष्ट्रपति का स्वागत अंगोला के विदेश मंत्री टेटे एंटोनियो ने किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने लुआंडा के राष्ट्रपति भवन में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्विस लौरेंको ने राष्ट्रपति मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। दोनों नेताओं ने आमने-सामने की मुलाकात और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक मुद्दों पर चर्चा की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत और अंगोला के बीच साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और दोनो देशों के लोगों की समृद्धि के साझा दृष्टिकोण पर आधारित है। उन्होंने अंगोला के विकास के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की जिनका उद्देश्य अपने देश के लोगों की प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करना है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दोनों देशों के बीच फलती-फूलती ऊर्जा व्यापार साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि अंगोला भारत की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दोनों नेताओं ने प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, रक्षा, बुनियादी ढाँचे और दोनो देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित नए और उभरते क्षेत्रों में व्यापार और निवेश संबंधों को और विविधतापूर्ण बनाने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने विभिन्न द्विपक्षीय क्षेत्रों के साथ-साथ भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन के व्यापक ढाँचे के अंतर्गत सहयोग को मज़बूत करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर भी सहमति व्यक्त की।

इस अवसर पर मत्स्य पालन, जलीय कृषि और समुद्री संसाधनों में सहयोग तथा वाणिज्य दूतावास संबंधी मामलों में सहयोग पर समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। राष्ट्रपति ने अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन (जीबीए) में शामिल होने के अंगोला के निर्णय का स्वागत किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *