नई दिल्ली- भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की चयन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। वेंगसरकर ने साफ कहा, “अगर वह पूरी तरह फिट हैं, तो उन्हें हर मैच खेलना चाहिए।”
दरअसल, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, और बुमराह की प्लेइंग इलेवन में वापसी को लेकर अटकलें तेज हैं।
गौरतलब है कि बुमराह को तीसरे टेस्ट में आराम दिया गया था, जिससे उनकी उपलब्धता पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, टीम के सहायक कोच रेयान डेशकाटे ने गुरुवार को बयान देते हुए इशारा किया कि बुमराह अगले मैच में चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
गंभीर-अगरकर पर भड़के वेंगसरकर
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेला गया था। भारत को इस मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में बुमराह ने पांच विकेट झटके थे। दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने वापसी की और 336 रनों से जीत दर्ज की। हालांकि, इस मुकाबले में बुमराह नहीं खेले थे। तीसरे टेस्ट में उनकी वापसी हुई, लेकिन भारत 22 रनों से हार गया। अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बुमराह को चौथे टेस्ट में आराम मिल सकता है। वेंगसरकर ने आगे कहा, ‘महत्वपूर्ण बात भारत के लिए खेलना है और अगर आप अनफिट हैं, तो बिल्कुल भी न खेलें। पहले टेस्ट मैच के बाद उन्हें (बुमराह) लगभग 7-8 दिनों का गैप मिला था, लेकिन फिर भी उन्हें दूसरे टेस्ट के लिए शामिल नहीं किया गया, जो स्वीकार्य नहीं था। शायद अगरकर और गंभीर के लिए यह स्वीकार्य था।’
डेशकाटे ने दिए संकेत
बुमराह दो टेस्ट खेल चुके हैं और उन्हें बाकी बचे दो टेस्ट में से एक ही खेलना है। भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने कहा कि यह स्पष्ट है कि मैनचेस्टर में सीरीज निर्णायक स्थिति में है, इस लिए हमारा झुकाव यहां बुमराह को उतारने पर है। हालांकि उन्हें खिलाने पर फैसला अंतिम क्षणों में लिया जाएगा।