श्रीनगर: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को आर.एस. पुरा, जम्मू-कश्मीर में आयोजित ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में सहभगिता की। प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के क्रम में उन्होंने जम्मू के आरएस पुरा में पौधा रोपा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, पहलगाम की घटना मानवता पर कलंक है, जिन्होंने आतंकियों ने हमारी बेटियों की मांग से सिंदूर पोंछा था, उनके आतंक के अड्डे तबाह और बर्बाद कर दिए गए। एक तरफ हमारे जवान सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं तो उनके पीछे दीवार बनकर खड़े हैं यहां के किसान, यहां के गांव के भाई-बहन, मैं आपको बारंबार प्रणाम करता हूं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, प्रिय भाइयों और बहनों, आपने नुकसान के संबंध में मुझे अवगत कराया है, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नुकसान की भरपाई में दोनों सरकार मिलकर कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सारा देश आपके साथ खड़ा है, सरकार आपके साथ खड़ी है। किसान भाइयों-बहनों, ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के अंतर्गत हमारे वैज्ञानिक आपके बीच में आए हैं, ये गांव-गांव में जाने वाले हैं। मैं आप सबसे अपील करता हूं कि इस अभियान में शामिल हों। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वैज्ञानिकों के साथ मैं भी अलग-अलग प्रदेशों में जा रहा हूं। अपनी खेती में भारत को सिरमौर बनाना है। जम्मू की खेती को भी दुनिया देखे, ऐसी उपजाऊ जमीन कि ठीक से और तरीके हमने अपना लिए तो पूरी दुनिया में यहां की धान भी छा जाएगी, यहां के उत्पाद भी छा जाएंगे। ‘लैब टू लैंड’ जुड़ गए तो निश्चित तौर पर कृषि क्रांति आएगी, चमत्कार होगा।