शारदीय नवरात्रि 2025 के पहले दिन यानी 22 सितंबर से केंद्र सरकार ने GST 2.0 की शुरुआत कर दी है, जिससे महंगाई की मार झेल रही आम जनता को बड़ी राहत मिलने जा रही है। इस नई कर प्रणाली के तहत कई आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर जीएसटी की दरों में उल्लेखनीय कटौती की गई है। इसका सीधा लाभ आम उपभोक्ताओं को मिलना शुरू हो गया है। अब कार, बाइक, कपड़े, जूते, टीवी, एसी, कोल्ड ड्रिंक, बोतलबंद पानी और रोजमर्रा के घरेलू उपयोग की वस्तुएं पहले से सस्ती मिलेंगी।
ऑटोमोबाइल सेक्टर की बात करें तो टू-व्हीलर कंपनियों ने अपने विभिन्न मॉडलों पर ₹7,000 से लेकर ₹13,000 तक की कटौती की है, वहीं देसी और विदेशी कारों पर ₹45,000 से ₹3 लाख तक के दाम घटाए गए हैं। टाटा मोटर्स और एमजी जैसी बड़ी कंपनियों ने अपने ग्राहकों को नई रेट लिस्ट जारी कर लाभ देना शुरू कर दिया है। फैशन और फुटवियर सेगमेंट में भी बड़ी राहत दी गई है। पहले ₹2500 से अधिक मूल्य के रेडीमेड कपड़े और जूतों पर 12-18% जीएसटी लगता था जिसे अब घटाकर केवल 5% कर दिया गया है। इससे कपड़े और फुटवियर दोनों अब पहले से सस्ते हो गए हैं।
खाद्य पदार्थों पर भी कर में कटौती की गई है। आटा, दाल और चावल पर अब 18% की जगह 12% जीएसटी लगेगा, जबकि नमकीन पर यह दर घटाकर 5% कर दी गई है। इसके अलावा साबुन, तेल, टूथपेस्ट और डिटर्जेंट जैसे घरेलू इस्तेमाल के सामान पर भी अब सिर्फ 5% टैक्स लिया जाएगा। बेडशीट, पर्दे और कंबल जैसी वस्तुओं पर पहले 12% जीएसटी लागू था लेकिन अब यह घटकर 5% हो गया है, जिससे ₹1100 की बेडशीट अब लगभग ₹1030 में मिल रही है। यानी 7% की सीधी राहत।
इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की बात करें तो 43 इंच के टीवी पर अब ₹2500 तक की छूट मिलेगी क्योंकि अब उस पर 28% की जगह सिर्फ 18% जीएसटी लगेगा। विंडो और स्प्लिट एसी पर भी ₹4500 से ₹5900 तक की कीमत में गिरावट आ सकती है। कोल्ड ड्रिंक और बोतलबंद पानी भी अब जेब पर हल्का पड़ेगा। कंपनियों ने इनके दाम घटा दिए हैं जिसके चलते 20 रुपये में बिकने वाला पानी अब ₹18 में और 100 रुपये वाली कोल्ड ड्रिंक ₹95 में उपलब्ध है।
कुल मिलाकर GST 2.0 की यह नई व्यवस्था न केवल उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद है बल्कि बाजार की रफ्तार को भी बढ़ावा दे सकती है। सरकार के इस कदम से त्योहारी सीजन में खरीदारी की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।