e-PAN कार्ड के नाम पर नई साइबर ठगी सरकार ने जारी किया अलर्ट, इस ईमेल पर भूलकर भी न करें क्लिक

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
साइबर अपराधी e-PAN कार्ड डाउनलोड के नाम पर फर्जी ईमेल भेजकर आधार और बैंक डिटेल्स चुरा रहे हैं। PIBFactCheck ने ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करने की चेतावनी दी है।

डिजिटल युग में साइबर अपराधी हर रोज ठगी के नए तरीके खोज रहे हैं। अब उन्होंने e-PAN कार्ड को अपना नया हथियार बना लिया है। अगर आपके पास भी e-PAN कार्ड डाउनलोड करने का कोई ईमेल आया है तो सतर्क हो जाइए क्योंकि यह साइबर ठगों का नया जाल है। सरकार की फैक्ट चेक संस्था PIBFactCheck ने इस स्कैम को लेकर देशवासियों को आगाह किया है और ऐसे किसी भी ईमेल पर मौजूद लिंक पर क्लिक न करने की सख्त हिदायत दी है।

क्या है e-PAN कार्ड स्कैम?
साइबर अपराधी लोगों को एक ऐसा ईमेल भेजते हैं जो देखने में बिल्कुल आयकर विभाग की तरफ से आया हुआ लगता है। इस ईमेल में e-PAN कार्ड डाउनलोड करने के लिए एक लिंक दिया होता है। जैसे ही कोई उस लिंक पर क्लिक करता है, वह एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है जहां उसकी निजी जानकारी जैसे आधार नंबर, बैंक डिटेल्स और अन्य संवेदनशील डेटा चुरा लिया जाता है। इस चुराई गई जानकारी का इस्तेमाल करके साइबर अपराधी फर्जी लोन लेते हैं और बैंक खाते खाली कर देते हैं।

ऐसा ईमेल आए तो तुरंत करें ये 5 काम
पहली बात यह कि ऐसे किसी भी ईमेल का जवाब न दें, भले ही भेजने वाला खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताए। दूसरी बात, ईमेल में मौजूद किसी भी अटैचमेंट को न खोलें क्योंकि उनमें वायरस या मैलवेयर हो सकता है जो आपके डिवाइस को नुकसान पहुंचा सकता है। तीसरी और सबसे अहम बात यह है कि ईमेल में दिए गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और अगर गलती से क्लिक हो भी जाए तो वहां अपनी कोई भी निजी जानकारी जैसे बैंक अकाउंट नंबर या क्रेडिट कार्ड डिटेल्स बिल्कुल न भरें। चौथी बात, लिंक को कॉपी करके ब्राउजर में पेस्ट करने की भी भूल न करें क्योंकि ऐसे लिंक दिखने में असली लगते हैं लेकिन आपको नकली वेबसाइट पर ले जाते हैं। पांचवीं बात, अपने कंप्यूटर और मोबाइल में हमेशा अपडेटेड एंटी-वायरस, एंटी-स्पाइवेयर और फायरवॉल का इस्तेमाल करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *