पटना : बिहार के कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या बिल्डर अशोक साह ने कराई थी। दोनों के बीच कारोबार को लेकर विवाद था।
हत्या के लिए अशोक साह ने शूटर उमेश को हायर किया था। उमेश ने ही गोपाल खेमका को 4 जुलाई को घर के गेट पर गोली मारी थी।
पुलिस ने सोमवार को बिल्डर अशोक साह, शूटर उमेश को गिरफ्तार किया। अशोक साह ने 3.5 लाख सुपारी दी थी। पुलिस ने शूटर के पास से 3 लाख कैश बरामद किया है।
शूटर उमेश की निशानदेही पर पुलिस गन सप्लायर विकास से पूछताछ करने पटना सिटी के मालसलामी इलाके में पहुंची थी।
बिहार के कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या से जुड़े एक संदिग्ध का पटना सिटी में मंगलवार तड़के 4 बजे एनकाउंटर कर दिया गया।
पुलिस उससे पूछताछ करने पहुंची थी। तभी उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पटना सिटी SDPO-2, SP और SSP मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से 1 पिस्टल, गोली और खोखा बरामद किया गया है।
विकास उर्फ राजा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है।
विकास उर्फ राजा मालसलामी इलाके में रहता था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजा ने ही शूटर उमेश यादव को हथियार दिया था।
पटना SSP कार्तिकेय शर्मा का कहना है कि उसका खेमका हत्याकांड मामले से सीधा कनेक्शन सामने नहीं आया है।
उस पर पहले से कई मामले दर्ज थे। कई हत्याओं में उसका नाम सामने आ चुका था। वह शूटर भी था।
गोपाल खेमका हत्याकांड पर डीजीपी विनय कुमार ने कहा, एसटीएफ और पटना पुलिस ने SIT का गठन किया। घटनास्थल पर मिले सुराग और सीसीटीवी सर्विलांस, मोटरसाइकिल की जानकारी और शूटर के हुलिए के आधार पर शहर के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। जब तक मोटरसाइकिल का पता नहीं चल गया, तब तक एसआईटी की टीम वहां गई। मोटरसाइकिल की पहचान के बाद उसके मालिक की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इससे पहले 8 जुलाई (सोमवार) को पुलिस ने शूटर उमेश उर्फ विजय को मालसलामी इलाके से ही गिरफ्तार किया था। उसने बताया कि 10 लाख में खेमका के मर्डर की सुपारी दी गई थी। एक लाख रुपए एडवांस मिला था। पुलिस ने गंगा किनारे के इलाके से हथियार भी बरामद कर लिया है। उमेश राय दिल्ली में विजय के नाम से रहता था।
SIT की टीम जब उमेश के घर पहुंची, तब वह बच्चे को लेने स्कूल गया था। इसी बीच पुलिस ने उसे दबोच लिया।
वह घर से कम ही निकल रहा था। उसके पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक, इसके बाद घर से पिस्टल, 80 कारतूस, दो मोबाइल और एक लाख कैश बरामद किया गया है।
इसे गिरफ्तार करने के बाद पटना जंक्शन से भी पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। उमेश की निशानदेही पर गोपाल खेमका मर्डर केस में कोतवाली थाना इलाके के उदयगिरी अपार्टमेंट में पुलिस और STF ने रेड की है। यहां से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि इस घटना से पहले ही उसने बाइक का नंबर हटा दिया था। CCTV के फुटेज को पुलिस ने डेवलप किया तब उसकी पहचान हुई। पहचान हाेने के बाद उसका सुराग लगाने में पुलिस जुट गई। सूत्रों का कहना है कि उमेश एक MLC का भी करीबी है।
बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, वांछित अपराधी विकास उर्फ राजा रात करीब 2.45 बजे दमरिया घाट के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। घटनास्थल से एक पिस्तौल, गोली और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर कहा, मैं इन बयानों की निंदा करता हूं… बिहार में 24 घंटे में 9 हत्याएं हुई हैं, जिनमें से 5 को(पूर्णिया में) जलाकर मार दिया गया… क्या नीतीश कुमार अर्धजागृत अवस्था में हैं या वे भाजपा के दबाव में हैं? भाजपा और नीतीश सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है, उन्होंने ‘जंगल का राज’ लागू कर दिया है वहां कानून का राज नहीं है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, बिहार में नीतीश कुमार को बदनाम करने के लिए एक षड्यंत्र रचा जा रहा है कि आतंक फैलाओ, अपराध करो… कुछ लोग नीतीश कुमार को बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं और इसका पर्दाफाश होने वाला है। यह एक राजनीतिक गैंग के माध्यम से हो रहा है… जो लोग कह रहे थे कि यह जंगलराज है, यहां तो कार्रवाई हो रही है। लालू यादव के राज में क्या होता था, मुख्यमंत्री आवास में बैठकर अपराधियों की पंचायत होती थी और आज तेजस्वी यादव नीतीश कुमार को बदनाम करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।
पटना के व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की खबरों पर जेडीयू नेता राजीव रंजन ने कहा, उमेश यादव और एक अन्य अपराधी की गिरफ़्तारी हुई है। एक अन्य अपराधी जिसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की उसे भी पुलिस ने ढेर कर दिया है। कार्रवाई लगातार जारी है। इसमें सवाल खड़े करने वाले लोगों से जनता जरूर पूछेगी कि उनकी भूमिका जिम्मेदार विपक्ष की अगर है तो ऐसी घटनाओं में इनपुट के माध्यम से वे पुलिस को मदद कर सकते हैं। आरोप प्रत्यारोप से बिहार की राजनीति में कोई जगह नहीं बनने जा रही।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, एक भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पार्टी, वर्ग या स्थान का हो। अपराधियों को पूरी तरह से नष्ट करने की योजना पर काम किया जा रहा है। बिहार में लालू यादव परिवार का शासन हमेशा जंगल राज की याद दिलाता है… जब सरकार अपराधियों के आगे नतमस्तक थी… किसी भी हालत में बिहार को जंगल राज की ओर नहीं बढ़ने दिया जाएगा।