लखनऊ। लखनऊमें घर का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मोहनलालगंज क्षेत्र में विकसित की जा रही सौमित्र विहार आवास योजना के अंतर्गत किसानों और भूस्वामियों को उनके भू-दान के बदले प्लॉट दिए जाएंगे। इसके लिए 22 और 23 सितंबर को लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
लैंड पूलिंग के तहत हो रहा है प्लॉट आवंटन
यह योजना उन किसानों के लिए है जिन्होंने लैंड पूलिंग मॉडल के अंतर्गत आवास विकास परिषद को अपनी ज़मीन उपलब्ध कराई थी। इस योजना में तीन गाँवों की ज़मीन शामिल है- मोहारी कला, सिठौली कला, सिठौली खुर्द। इन गाँवों के किसानों को उनके योगदान के बदले 25% विकसित भूखंड दिए जा रहे हैं।
कितने प्लॉट होंगे आवंटित?
इस चरण में कुल 1,122 प्लॉट किसानों को आवंटित किए जाएंगे। लॉटरी का आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। यह प्रक्रिया दो दिन चलेगी।
22 सितंबर: 40.74, 60.59 और 75 वर्ग मीटर के प्लॉटों की लॉटरी
23 सितंबर: 122.23, 200 और 300 वर्ग मीटर के प्लॉटों की लॉटरी
योजना का पहला चरण
कुल 560 एकड़ में फैली इस आवास योजना के पहले फेज में 260 एकड़ भूमि को विकसित किया जा रहा है। परिषद के उप आवास आयुक्त चंदन पटेल ने बताया कि अभी तक करीब 1,200 किसानों ने लगभग 130 एकड़ ज़मीन दी है।
दीपावली तक शुरू होगा आम लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन
बीते वर्ष स्वीकृत हुई यह योजना अब तक औपचारिक रूप से लॉन्च नहीं हो पाई थी। पहले इसे महाकुंभ में पेश करने की योजना थी लेकिन ज़मीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण RERA की मंज़ूरी नहीं मिल सकी थी। अब आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उम्मीद की जा रही है कि दीपावली तक योजना का पंजीकरण आम जनता के लिए खोला जाएगा।