ग्लोबल फायरपावर (Global Firepower) ने वर्ष 2026 के लिए अपनी सैन्य शक्ति रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में दुनिया के 145 देशों की पारंपरिक सैन्य क्षमताओं का आकलन किया गया है। सूची में अमेरिका एक बार फिर पहले स्थान पर बना हुआ है, जबकि भारत ने चौथे स्थान पर अपनी स्थिति बरकरार रखी है।
ग्लोबल फायरपावर रैंकिंग में देशों को उनके Power Index (PwrIndx) स्कोर के आधार पर रैंक दिया जाता है। नियम के अनुसार, जितना कम स्कोर होगा, उस देश की सैन्य ताकत उतनी ही अधिक मानी जाती है।
टॉप-3 में अमेरिका, रूस और चीन
2026 की रैंकिंग में अमेरिका 0.0741 PwrIndx स्कोर के साथ पहले स्थान पर है। रूस 0.0791 स्कोर के साथ दूसरे और चीन 0.0919 स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर है। तीनों देशों की रैंकिंग में पिछले वर्ष की तुलना में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
भारत की स्थिति मजबूत
भारत 0.1346 स्कोर के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है। ग्लोबल फायरपावर के अनुसार भारत की सैन्य ताकत का आकलन उसके सैन्य संसाधनों, जनशक्ति, वायुसेना, नौसेना और रक्षा बजट जैसे कई मानकों के आधार पर किया गया है।
पाकिस्तान की रैंकिंग में गिरावट
पाकिस्तान के लिए यह साल निराशाजनक रहा है। वह 2024 में नौवें स्थान पर था, 2025 में 12वें और अब 2026 में 14वें स्थान पर पहुंच गया है। दूसरी ओर, जर्मनी ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 12वां स्थान हासिल किया है।
अन्य प्रमुख देश
दक्षिण कोरिया पांचवें, फ्रांस छठे और जापान सातवें स्थान पर है। ब्रिटेन की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है और वह आठवें स्थान पर खिसक गया है।