तेहरान/तेल अवीव : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान की राजधानी तेहरान में रहने वाले सभी लोगों को तुरंत शहर खाली करने की चेतावनी जारी की। उन्होंने मंगलवार (भारतीय समय के मुताबिक) को कहा कि ईरान का न्यूक्लियर डील साइन न करना मूर्खता है।
वहीं, इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने जंग खत्म करने को लेकर कहा कि अयातुल्ला खामेनेई की हत्या से जंग बढ़ेगी नहीं, बल्कि खत्म होगी। इस बीच ईरान में स्थिति भारतीय दूतावास ने तेहरान में रह रहे लोगों को तेहरान से बाहर निकलने और किसी सुरक्षित जगह पर चले जाने की सलाह दी है।
इस बीच इजराइल और ईरान के बीच 5वें दिन भी संघर्ष जारी रहा। इजराइल ने तेहरान पर सोमवार रात कई बार एयरस्ट्राइक की। वहीं, ईरान ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव और हाइफा पर बमबारी की।
इजराइली हमलों में अब 224 ईरानी मारे जा चुके है, जबकि 1,481 लोग घायल हुए हैं। वहीं, इजराइल में अब तक 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 600 से ज्यादा घायल हैं।
ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे तुरंत दूतावास से संपर्क करें। साथ ही, दूतावास ने भारतीय नागरिकों और पीआईओ (भारतीय मूल के लोगों) को सलाह दी है कि अगर उनके पास खुद के साधनों से तेहरान से बाहर निकलने का विकल्प है, तो वे तुरंत ऐसा करें और किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं।
इजराइल में सभी अमेरिकी दूतावास मंगलवार को भी बंद रहेंगे। यरुशलम दूतावास ने इसकी पुष्टि की। दूतावास ने अपने सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को निर्देश दिया है कि वे अगले आदेश तक अपने घरों के आसपास ही रहें और सुरक्षित जगह पर रहें।
दूतावास ने यह भी साफ किया है कि इस समय वह इजराइल में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को न तो बाहर निकाल सकता है और न ही उन्हें सीधे मदद दे सकता है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा कंपनी एम्ब्रे ने बताया है कि उसे UAE के करीब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास कुछ अनहोनी की जानकारी मिली है। उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या हुआ है। हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि ओमान की खाड़ी में स्ट्रेट् ऑफ होर्मुज के पास तीन जहाजों में आग लगी है।
इन दावों के साथ कुछ तस्वीरें भी शेयर की गईं, हालांकि, इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। NASA के फायर इन्फॉर्मेशन फॉर रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (FIRMS) मैप में ओमान की खाड़ी में तीन लाल निशान दिखाई दिए, लेकिन यह पता नहीं है कि ये लाल निशान आग की वजह से बने हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री चोकपॉइंट में से एक है। यह ओमान की खाड़ी, ओमान, ईरान, पाकिस्तान और यूएई के बीच है। यह अरब सागर को फारस की खाड़ी से जोड़ती है।
अमेरिका में इजराइल के राजदूत येचिएल लीटर ने कहा कि अमेरिका ही फोर्डो न्यूक्लियर साइट पर हमला करने के काबिल है। लीटर ने कहा कि सिर्फ अमेरिका के पास ऐसा बम है जो इतनी गहराई तक नुकसान पहुंचा सकता है।
ईरान का फोर्डो न्यूक्लियर साइट ईरान के कोम शहर के पास पहाड़ों के नीच गहराई में बना हुआ है। इसमें एडवांस सेंट्रीफ्यूज लगे हुए हैं जो यूरोनियम को शुद्ध करते हैं। परमाणु हथियार बनाने के लिए यूरेनियम का कम से कम 90% तक शुद्ध होना जरूरी है।
राजदूत लीटर ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में ईरान पर और बड़ा हमला हो सकता है। उन्होंने कहा कि गुरुवार या फिर शुक्रवार को कुछ ऐसा होगा जो बाकी सारे ऑपरेशन को मामूली बना देगा।
कनाडा में हुए G7 समिट में शामिल सदस्य देशों ने इजराइल-ईरान संकट पर चिंता जताई है और एक साझा बयान जारी किया है। इस बयान में उन्होंने ईरान से तनाव कम करने की अपील की है, वहीं यह भी साफ कहा है कि इजराइल को अपनी सुरक्षा का पूरा अधिकार है।
G7 नेताओं ने कहा, यह बात साफ है कि इजराइल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है। और ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए।
बयान में यह भी जोर दिया गया है कि मिडिल ईस्ट में तनाव को कम करने के किसी भी कोशिश में गाजा में सीजफायर भी शामिल होना चाहिए, ताकि पूरे इलाके में शांति की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा सकें।
यह क्षेत्र इजराइल-ईरान तनाव की खास वजह है, क्योंकि दुनिया का 20% तेल इसी स्ट्रेट् ऑफ होर्मुज से होकर गुजरता है। ईरान धमकी दे चुका है कि वह इस रास्ते को बंद कर सकता है, जिसका असर तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़े सकता है।