दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर को दिल्ली बॉर्डर के पास एक गुप्त सूचना के आधार पर बिछाए गए जाल में दबोचा गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि वह दिल्ली मेट्रो पोस्टर मामले में शामिल मॉड्यूल का मुख्य हैंडलर था और पकड़े गए आरोपियों के साथ सीधे संपर्क में रहकर पूरे ऑपरेशन को संचालित कर रहा था।
शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि शब्बीर अहमद लोन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में लश्कर-ए-तैयबा का एक नया और खतरनाक मॉड्यूल तैयार करने की फिराक में था। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है, लेकिन पिछले काफी समय से उसने पड़ोसी देश बांग्लादेश को अपना सुरक्षित ठिकाना बना रखा था। वहीं से वह भारतीय युवाओं को गुमराह करने और उन्हें आतंकी नेटवर्क से जोड़ने की साजिश रच रहा था।
दिल्ली पुलिस के लिए यह गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि फरवरी 2026 में चलाए गए एक आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान पहली बार शब्बीर का नाम सामने आया था। तभी से पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। अब सुरक्षा एजेंसियां उससे इस बात की सघन पूछताछ कर रही हैं कि इस मॉड्यूल के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और क्या दिल्ली मेट्रो में विवादित पोस्टर लगाना किसी बड़ी आतंकी साजिश का हिस्सा था।