झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला गांव के पास सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब डेयरी संचालक अरविंद यादव (38) की 12 से अधिक बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात के समय उनकी पत्नी संगीता भी साथ थीं। हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से मारकर सड़क पर पटक दिया। दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में दहशत फैल गई और आसपास की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। पुलिस के पहुंचने तक हमलावर हवाई फायर करते हुए फरार हो गए।
पत्नी ने पूर्व ग्राम प्रधान व परिजनों पर लगाया आरोप
हत्या के बाद पत्नी संगीता ने गांव के पूर्व ग्राम प्रधान समेत उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। नौ नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी बी.बी. जीटीएस मूर्ति और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
किस्त जमा करने जा रहे थे बैंक
भोजला गांव निवासी अरविंद यादव गांव में डेयरी चलाते थे। पत्नी संगीता ने बताया कि अरविंद ने दो लाख का लोन लिया था। किस्त जमा करने के लिए सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे वे दोनों बाइक से बीकेडी के पास स्थित एक बैंक गए। वहां से दो लाख रुपये निकालकर भोजला मंडी स्थित एसबीआई में किस्त जमा करने जा रहे थे। संगीता के मुताबिक, बीकेडी के पास से तीन बाइक पर सवार युवक उनका पीछा कर रहे थे।
घात लगाकर बैठे थे 12 से अधिक बदमाश
जैसे ही अरविंद और संगीता भोजला गांव के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे 12 से अधिक बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। तीन मिनट तक गोलियां चलती रहीं। खून से लथपथ अरविंद जमीन पर गिर पड़े। पत्नी संगीता ने आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। कुछ देर में एम्बुलेंस पहुंची और अरविंद को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई दिनों तक रेकी, सुनियोजित साजिश का शक
झांसी में भीड़ भरी सड़क पर इस दुस्साहसिक वारदात को देख पुलिस को शक है कि कई दिन पहले से ही हत्याकांड की साजिश रची गई थी।
- हथियार जुटाए गए
- रास्ते की रेकी की गई
- वारदात के बाद हमलावरों के घर ताले लटकते मिले
- जानवर तक हटा दिए गए
- महिलाएं भी घर से गायब थीं
इन सब संकेतों से पता चलता है कि पिछले करीब एक सप्ताह से योजना बनाई गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने गांव में भारी बल तैनात कर दिया। कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल
इस नृशंस हत्या के बाद भोजला गांव और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। लोगों में आक्रोश है और आरोपी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
पुरानी रंजिश का मामला
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।