मोंथा तूफान का असर: यूपी के 17 जिलों में भारी बारिश, 31 जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
मोंथा तूफान का प्रदेश में भारी असर

उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 30 और 31 अक्तूबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बताया गया है कि मोंथा तूफान मंगलवार सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराने के बाद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया, जिसका असर अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में वाराणसी और मिर्जापुर मंडल सहित पूर्वांचल के जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही प्रदेश के 31 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मोंथा तूफान का सबसे ज्यादा प्रभाव दक्षिणी उत्तर प्रदेश और बिहार सीमा से सटे पूर्वांचल जिलों में देखने को मिलेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है उनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, चित्रकूट, कौशांबी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर शामिल हैं। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी भारी वर्षा और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *