CM सुक्खू का बड़ा ऐलान: हिमाचल की शान रेणुका सिंह को मिलेगा 1 करोड़ का पुरस्कार

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान

हिमाचल प्रदेश की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज़ गेंदबाज रेणुका ठाकुर को उनके शानदार प्रदर्शन और टीम की ऐतिहासिक जीत के लिए राज्य सरकार की ओर से बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को घोषणा की कि रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

शिमला जिले के रोहड़ू की रहने वाली रेणुका ठाकुर हाल ही में भारत महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता स्क्वॉड का हिस्सा रही हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने खिताब जीतने के बाद रेणुका से फोन पर बात की और पूरी टीम को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘रेणुका ठाकुर ने विश्व स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है राज्य को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।’

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि रेणुका की सफलता हिमाचल की सभी बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि रेणुका जैसी बेटियां यह साबित करती हैं कि मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। रेणुका के पैतृक गांव परसा में जीत के बाद जश्न का माहौल है। परिवार, रिश्तेदार और गांववाले खुशी से झूम उठे। रेणुका की मां सुनीता ठाकुर ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही क्रिकेट के प्रति बेहद जुनूनी थी। उन्होंने कहा, ‘ईश्वर हर किसी को रेणुका जैसी बेटी दे। सभी माता-पिता को चाहिए कि वे अपनी बेटियों का साथ दें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें।’

रेणुका के भाई विनोद ठाकुर ने भी बहन की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा, ‘हमें उस पर गर्व है। उसकी गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता वाकई लाजवाब रही। हमने पूरा मैच देखा और जीत के बाद उसे फोन पर बधाई दी।’

भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए महिला विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रचा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट की शतकीय पारी (101 रन) के बावजूद 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके।

रेणुका ठाकुर के इस प्रदर्शन ने न सिर्फ भारत बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है और मुख्यमंत्री सुक्खू का यह सम्मान इस उपलब्धि को और भी यादगार बना देगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *