एशियन शूटिंग कॉन्फेडरेशन ने घोषणा की है कि भारत वर्ष 2027 में एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। यह प्रतियोगिता 1 से 10 दिसंबर 2027 तक नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएगी। इस चैंपियनशिप का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि इसके जरिए लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए एशिया के आठ कोटा स्थान तय होंगे।
एशियन शूटिंग कॉन्फेडरेशन ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन ओलंपिक क्वालिफिकेशन प्रक्रिया का अहम हिस्सा होगा, जिसमें एशियाई देशों के शीर्ष निशानेबाज हिस्सा लेंगे।
भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए शूटिंग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकतम 16 कोटा स्थान हासिल किए थे। इनमें राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं में आठ-आठ कोटा शामिल थे। पेरिस ओलंपिक में भारत ने कुल 21 निशानेबाज भेजे, जो टोक्यो ओलंपिक 2020 में भेजे गए 15 निशानेबाजों से अधिक थे।
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय निशानेबाजों ने कुल तीन पदक जीते, और तीनों ही कांस्य पदक थे। इसके बाद से भारत को शूटिंग के क्षेत्र में एशिया के मजबूत देशों में गिना जा रहा है।
इस बीच, भारत फरवरी 2026 में भी एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल) की मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 2 से 14 फरवरी तक डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में होगी। मेजबान देश भारत ने इस चैंपियनशिप के लिए 118 खिलाड़ियों की सबसे बड़ी टीम उतारी है।
कजाखिस्तान 35 खिलाड़ियों के साथ दूसरी सबसे बड़ी टीम है, जबकि ईरान ने 28 एथलीटों का पंजीकरण कराया है। कोरिया, ईरान और जापान की टीमें भी मजबूत मानी जा रही हैं। इसके अलावा चीनी ताइपे, वियतनाम और हांगकांग के निशानेबाजों से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस चैंपियनशिप में 20 देशों के 311 एथलीट हिस्सा लेंगे और पूरे टूर्नामेंट के दौरान 564 इवेंट आयोजित किए जाएंगे।