अजित पवार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, परिवार और प्रमुख नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
हाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित अनंतराव पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके गृहनगर बारामती में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। बुधवार सुबह प्लेन क्रैश में निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर काटेवाड़ी स्थित आवास लाया गया था, जहां से अंतिम यात्रा निकाली गई। उनके दोनों बेटों ने मुखाग्नि दी। इस दौरान महाराष्ट्र में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है।

अजित पवार (66) का निधन बुधवार सुबह लगभग 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट के निकट एक चार्टर्ड लीयरजेट 45 विमान के क्रैश होने से हुआ। विमान मुंबई से बारामती की ओर जा रहा था, जहां वे जिला परिषद चुनावों के लिए जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे। हादसे में पवार के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

अंतिम यात्रा और संस्कार
गुरुवार सुबह पवार के पार्थिव शरीर को उनके आवास से अंतिम यात्रा के लिए निकाला गया। यात्रा के दौरान भारी भीड़ उमड़ी, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। अंतिम संस्कार विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड पर किया गया। इसमें उनका पूरा परिवार मौजूद रहा। मुखाग्नि उनके दोनों बेटों ने दी।
संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
हादसे की जानकारी

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान लीयरजेट 45 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर वीटी-एसएसके था। यह विमान वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित किया जा रहा था। फ्लाइट क्रू ने पहले लैंडिंग के शुरुआती अनुक्रम को रद्द करने का फैसला किया था। इसके बाद विमान को रनवे 11 पर उतरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन लैंडिंग के दौरान यह हादसा हो गया।

पुणे ग्रामीण पुलिस ने प्लेन क्रैश के संबंध में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने जांच शुरू कर दी है। जांच टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है।
राजकीय शोक

अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राज्यभर की सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *