18 साल बाद ललित मोदी ने शेयर किया हरभजन-श्रीसंत का वीडियो, भड़की श्रीसंत की पत्नी

2008 IPL Slapgate: हरभजन सिंह ने मैच के बाद श्रीसंत को मारा थप्पड़।

Vin News Network
Vin News Network
5 Min Read
हरभजन-श्रीसंत का थप्पड़कांड, जो 18 साल बाद फिर सुर्खियों में आया।
Highlights
  • ललित मोदी ने वीडियो शेयर किया – 18 साल बाद आया सच सामने।
  • श्रीसंत की पत्नी का गुस्सा – कहा, “हमारे परिवार को पुराने जख्म मत दिखाइए।”
  • हरभजन ने जताया पछतावा – बोले, “यह मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती।”

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) क्रिकेट के लिए दुनिया की सबसे बड़ी लीग मानी जाती है। इसकी शुरुआत साल 2008 में हुई थी। पहले ही सीजन में एक ऐसा विवाद सामने आया, जिसने लीग की छवि पर बड़ा दाग छोड़ दिया। यह विवाद भारतीय क्रिकेट इतिहास में ‘स्लैपगेट’ (Slapgate) नाम से दर्ज है। 2008 में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच हुए मुकाबले के बाद मुंबई के स्पिनर हरभजन सिंह ने पंजाब के तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था।

18 साल बाद यह विवाद फिर सुर्खियों में है। आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने इस घटना का वीडियो शेयर किया है। दिलचस्प बात यह है कि यह वीडियो लाइव टेलीकास्ट का हिस्सा नहीं था, बल्कि इसे एक सुरक्षा कैमरे ने रिकॉर्ड किया था। ललित मोदी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट पर इस वीडियो को दिखाया, जिसके बाद श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने इंस्टाग्राम पर ललित मोदी व ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क को आड़े हाथों लिया।

कैसे शुरू हुआ विवाद?
साल 2008 में मोहाली में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच खेला गया। पंजाब की जीत के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए मैदान पर जुटे। तभी अचानक श्रीसंत रोते हुए कैमरे पर दिखे। बाद में खुलासा हुआ कि हरभजन सिंह ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। इस घटना को “स्लैपगेट” के नाम से जाना गया।

18 साल बाद ललित मोदी ने क्यों किया वीडियो शेयर?
ललित मोदी ने Beyond23 Cricket Podcast में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क से बातचीत के दौरान इस वीडियो का अंश दिखाया। मोदी ने कहा— “खेल खत्म हो चुका था और टीवी कैमरे बंद हो गए थे। मेरा एक सुरक्षा कैमरा चालू था, जिसमें हरभजन और श्रीसंत की यह घटना कैद हो गई थी। इतने सालों तक मैंने इसे जारी नहीं किया, लेकिन अब समय आ गया था कि लोग सच देखें।”

श्रीसंत की पत्नी का गुस्सा
श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ललित मोदी और माइकल क्लार्क को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने लिखा—
“आप लोगों को शर्म आनी चाहिए। सिर्फ सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए 2008 की पुरानी घटना को घसीटा जा रहा है। हरभजन और श्रीसंत दोनों ही उस दौर से आगे बढ़ चुके हैं। अब दोनों स्कूल जाने वाले बच्चों के पिता हैं। आप लोगों ने इस घटना को फिर से उठाकर हमारे परिवार को पुराने घावों को जीने के लिए मजबूर कर दिया।”

उन्होंने आगे लिखा— “श्रीसंत ने बहुत कठिन दौर देखा है और अपनी जिंदगी को फिर से बनाया है। लेकिन इस वीडियो के जरिए हमारे परिवार को 18 साल पुराने सदमे को दोबारा झेलना पड़ रहा है। यह बेहद दुखद और अमानवीय है।”

हरभजन सिंह की सफाई
वहीं, हरभजन सिंह इस घटना पर पहले ही कई बार माफी मांग चुके हैं। कुछ समय पहले रविचंद्रन अश्विन से बातचीत में उन्होंने कहा था— “यह एक घटना है, जिसे मैं अपने जीवन में बदलना चाहता हूं। वह मेरी गलती थी। मुझे श्रीसंत को थप्पड़ नहीं मारना चाहिए था। मैंने 200 बार माफी मांगी है, लेकिन सबसे बुरा यह है कि इस घटना के इतने साल बाद भी मुझे हर जगह माफी मांगनी पड़ी। यह एक ऐसी गलती है, जो मेरी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है।”

‘स्लैपगेट’ के बाद क्या हुआ था?
बीसीसीआई ने हरभजन सिंह पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें उस सीजन से निलंबित कर दिया था। श्रीसंत को मानसिक तौर पर बड़ा झटका लगा और वह लंबे समय तक इस घटना से उबर नहीं पाए। यह विवाद आईपीएल के पहले सीजन की सबसे बड़ी सुर्खियों में शामिल रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *