केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 में युवाओं को दिए नेतृत्व, समर्पण और नवाचार के प्रेरक संदेश

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
शिवराज सिंह चौहान ने यंग लीडर्स डायलॉग 2026 में युवाओं को नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के तहत भारत मंडपम में आयोजित केंद्रीय मंत्रियों के पैनल के समक्ष प्रस्तुतियों के दौरान देशभर से आए युवा नेताओं से संवाद किया। यह सत्र डायलॉग का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जिसमें वरिष्ठ नीति-निर्माताओं और प्रतिभाशाली युवाओं के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला।

इस दौरान युवा नेताओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार, नीतिगत सुझाव और ज़मीनी स्तर पर किए गए नवाचार प्रस्तुत किए। इनमें हरित और सतत विकसित भारत का निर्माण, स्मार्ट और टिकाऊ कृषि के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाना, तथा परंपरा के साथ नवाचार: आधुनिक भारत का निर्माण जैसे विषय शामिल थे। प्रस्तुतियों में युवाओं की विविध सोच, रचनात्मकता और समस्याओं के समाधान की क्षमता स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जो समावेशी और टिकाऊ विकास की राष्ट्रीय सोच के अनुरूप है।

युवाओं को संबोधित करते हुए श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में उद्देश्यपूर्ण जीवन और सामूहिक जिम्मेदारी का बहुत महत्व है। उन्होंने भारतीय सभ्यता के मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन को सही अर्थ तब मिलता है, जब वह समाज और देश की सेवा को समर्पित हो। उन्होंने युवाओं को बड़े लक्ष्य तय कर पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि समर्पण, एकाग्रता और आत्मबल नेतृत्व के आवश्यक गुण हैं। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन की भी सराहना की, जिनके नेतृत्व में युवाओं की सार्थक भागीदारी के लिए ऐसे मंच विकसित किए गए हैं।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा MY भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शासन और नीति निर्माण में युवाओं की भागीदारी को संस्थागत रूप देना है। भारत मंडपम में आयोजित इस संवाद की सफलता यह दर्शाती है कि भारत सरकार युवाओं को राष्ट्रीय विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार मानती है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में उनकी आवाज़ को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *