BPSC टीचर शिवानी कुमारी की हत्या में नया मोड़, प्रिंसिपल और सहकर्मी पर शक की सुई

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
बिहार में BPSC शिक्षिका की हत्या

अररिया। बिहार के अररिया जिले में 24 वर्षीय शिवानी कुमारी वर्मा की हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। घटना नरपतगंज थाना क्षेत्र के खाबदह कन्हैली शिव मंदिर के पास बुधवार की सुबह हुई। बाइक पर सवार दो अपराधियों ने स्कूटी से जा रही शिवानी पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। शिवानी मध्य विद्यालय कन्हैली में शिक्षिका थीं और BPSC TRE 1 के माध्यम से दो साल पहले नौकरी ज्वाइन की थी। शिवानी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की हैंदरगढ़ की रहने वाली थीं। उनके परिवार में तीन बहनें भी BPSC TRE 1 में चयनित हैं। बड़ी बहन जूली कुमारी पटना जिले में, दूसरी बहन समस्तीपुर में और शिवानी कुमारी वर्मा अररिया में पोस्टेड थीं।

परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
शिवानी की बहनों ने हत्या के पीछे सहकर्मी रंजीत और स्कूल के प्रिंसिपल उमेश कुशवाहा का नाम लिया है। जूली कुमारी ने आरोप लगाया कि एक साल से रंजीत शिवानी को शादी के लिए परेशान कर रहा था। शिवानी ने लगातार इनकार किया, लेकिन रंजीत की मानसिक प्रताड़ना जारी रही। इसके अलावा प्रिंसिपल ने भी शिकायतों के बावजूद रंजीत पर कार्रवाई नहीं की, जिससे परिवार को शक है कि हत्या की साजिश में उनका हाथ हो सकता है।

शिवानी की मेहनती और पढ़ाकू छवि
शिवानी अपने कार्य और पढ़ाई के लिए जानी जाती थीं। वह सुबह 8:30 बजे घर से स्कूटी लेकर स्कूल जाती और शाम 5 बजे वापस लौटती थीं। उनके कमरे में पुलिस ने नोट्स, किताबें और प्रतियोगिता परीक्षा के मैगजीन भी पाए। शिवानी यूपीएससी की तैयारी में भी जुटी थीं और स्कूल में अपने योगदान के लिए सम्मानित थीं।

हत्या की भयावह घटना
दो बाइक सवार अपराधियों ने शिव मंदिर के पास उनका पीछा किया और स्कूटी रोककर हेलमेट हटाने को कहा। जैसे ही शिवानी ने ऐसा किया, अपराधियों ने उन्हें गर्दन और कनपटी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद अपराधी फरार हो गए। पुलिस ने मोबाइल और अन्य सबूत कब्जे में लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *