दुलारचंद यादव हत्याकांड में अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। अब तक यह माना जा रहा था कि उनकी मौत गोली लगने से हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि दुलारचंद यादव की मौत गोली से नहीं बल्कि शरीर में लगी गंभीर अंदरूनी चोटों की वजह से हुई है।
अनुमंडलीय अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम डॉ. अजय कुमार, डॉ. रोहन और डॉ. दिलीप ने दुलारचंद यादव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. अजय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेज दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, दुलारचंद यादव को बाएं पैर में गोली लगी थी, जो ठेहुना (जांघ के पास) से आर-पार हो गई थी, लेकिन उस गोली से उनकी मौत नहीं हो सकती थी। डॉक्टरों ने बताया कि उनके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे, सीने पर भी गहरी चोटें पाई गई। फिलहाल 10-12 एक्स-रे रिपोर्ट का परिणाम आना बाकी है।
इस बीच शनिवार को दुलारचंद यादव की अंतिम यात्रा के दौरान भारी बवाल हो गया। बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरे और ‘अनंत सिंह को फांसी दो’ के नारे लगाने लगे। पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात काबू में करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतक के परिजनों का कहना है कि पूरी घटना लोगों ने अपनी आंखों से देखी है और अब प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार ने भी चुनाव आयोग से मांग की है कि आरोपी अनंत सिंह और गोली चलाने वाले अन्य अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि अनंत सिंह की उम्मीदवारी को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।
मुख्य बातें:
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा: गोली से नहीं, अंदरूनी चोटों से हुई मौत
तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
अंतिम यात्रा के दौरान हंगामा, ‘अनंत सिंह को फांसी दो’ के लगे नारे
परिजनों ने की न्याय और कार्रवाई की मांग