टोक्यो में आयोजित पैन पैसिफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट में स्विट्ज़रलैंड की स्टार खिलाड़ी बेलिंडा बेनसिच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने चेक गणराज्य की लिंडा नोस्कोवा को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से मात दी। इस जीत के साथ बेनसिच ने अपने करियर का 10वां WTA खिताब हासिल किया।
10 साल बाद वापसी और यादगार जीत
बेनसिच ने इस टूर्नामेंट में 10 साल बाद हिस्सा लिया और वापसी को सुनहरी जीत में बदल दिया। फाइनल में उन्होंने नोस्कोवा की सर्विस को तीन बार ब्रेक करते हुए महज 1 घंटे 22 मिनट में मैच अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान उन्होंने अपने आक्रामक खेल और सटीक सर्विस से दर्शकों का दिल जीत लिया।
टोक्यो से जुड़ीं खास यादें
टोक्यो बेनसिच के लिए हमेशा लकी साबित रहा है। उन्होंने 2021 के टोक्यो ओलंपिक में महिला एकल वर्ग में स्वर्ण पदक और युगल वर्ग में रजत पदक जीता था। इस बार भी जापान की धरती पर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की साथ ही बेनसिच ने दर्शकों को धन्यवाद कहा।
फाइनल के बाद बेनसिच ने कहा कि, ‘आप सभी के सामने खेलना बहुत शानदार अनुभव रहा। पिछली बार जब मैं टोक्यो ओलंपिक में जीती थी तब स्टेडियम खाली था। इस बार दर्शकों की मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया। मुझे जापान में खेलना बेहद पसंद है और इस जीत से मैं बेहद खुश हूं।’