भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों की जड़ों को हिला कर रख दिया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 मासूम नागरिकों की नृशंस हत्या के बाद भारत ने निर्णायक कदम उठाते हुए जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों के कई ठिकानों पर हमला बोला।
बहावलपुर बना युद्ध का मैदान
ऑपरेशन के तहत बहावलपुर, कोटली और मुरीदके जैसे इलाकों को निशाना बनाया गया जिनमें से बहावलपुर जैश-ए-मोहम्मद का मुख्य गढ़ माना जाता है। यहीं पर सबसे बड़ा झटका खुद मसूद अजहर को लगा। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान मसूद अजहर का पूरा परिवार हमले में मारा गया।
जैश कमांडर का सनसनीखेज खुलासा
जैश का एक कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी एक वायरल वीडियो में यह स्वीकार करता दिखा कि 7 मई को हुए भारतीय हमले में मौलाना मसूद अजहर का परिवार चकनाचूर हो गया। वीडियो में वह कहता है “हमने देश की सरहदों के लिए दिल्ली, काबुल और कांधार में लड़ा लेकिन 7 मई को मौलाना मसूद अजहर का परिवार बहावलपुर में टुकड़े-टुकड़े कर दिया गया। भारतीय फौजों ने हमें नेस्तनाबूद कर दिया।”
पाकिस्तान की झूठी कहानी उजागर
जहां पाकिस्तान बार-बार यह दावा करता रहा कि ऑपरेशन सिंदूर से कोई खास नुकसान नहीं हुआ तो वहीं अब खुद जैश के कमांडर की इस कबूली से पाक की पोल खुल गई है। यह पहली बार है जब आतंकी संगठन के भीतर से किसी ने इतने स्पष्ट रूप से भारत की कार्रवाई की सफलता को स्वीकार किया है।