मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। 50 हजार का इनामी बदमाश और जीवा गैंग का शार्प शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है। यह कार्रवाई देर रात उस वक्त हुई जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब क्राइम ब्रांच और लोकल पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत संदिग्ध बाइक सवार बदमाश को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ढेर हुआ बदमाश जीवा गैंग से जुड़ा हुआ था और उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। हत्या, लूट, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम जैसे मामलों में उसकी लंबे समय से तलाश थी। यूपी पुलिस ने इस बदमाश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
एसएसपी ने बताया कि मारा गया अपराधी कई संगीन मामलों में वांछित था और पुलिस को इसकी लंबे समय से तलाश थी। उसके पास से एक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और जीवा गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
इस मुठभेड़ के बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।